तांतनगर. झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित मिरुडीह के पास बुधवार की दोपहर करीब 2:00 बजे भारतीय खाद्य आपूर्ति विभाग के चावल से लदा एक ट्रक (ओडी 05 एम 2716) अनियंत्रित होकर पलट गया.
इसके बाद ग्रामीणों में चावल लूटने की होड़ मच गयी. तांतनगर थाना के अवर निरीक्षक सुनील कुमार और एएसआइ रामा शंकर गुप्ता पहुंचे. इसके पूर्व ग्रामीण लगभग 100 बोरी चावल लूटकर चंपत हो चुके थे. पुलिस ने मौके पर मौजूद अन्य लोगों को खदेड़ा, जिससे बाकी बचा चावल सुरक्षित रह सका. पुलिस ने बचे चावल को दूसरे वाहनों से थाना भिजवाया.चालक की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में ट्रक चालक 54 वर्षीय देवरंजन पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तांतनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है.चावल लूटने वालों की पहचान का प्रयास
पुलिस के अनुसार, ट्रक ओडिशा से चावल लेकर आ रहा था. सीमा पार करते ही मोड़ पर पलट गया. पुलिस पलटे हुए ट्रक को जब्त कर थाने ले जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश के कारण ट्रक को घटनास्थल से हटाया नहीं जा सका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. चावल लूटने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
