Chaibasa News : स्वशासन व्यवस्था को कमजोर कर रहे डीसी 48 घंटे में हटायें, वरना चक्का जाम करेंगे

चाईबासा. मानकी- मुंडा संघ ने विभिन्न संगठनों के साथ निकाली आक्रोश रैली, मांग की

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला मानकी मुंडा संघ ने उपायुक्त चंदन कुमार पर कोल्हान की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जनाक्रोश रैली निकाली. कोल्हान-पोड़ाहाट केंद्रीय समिति के बैनर तले आयोजित रैली तांबो स्थित खूंटकट्टी मैदान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कोल्हान आयुक्त कार्यालय पहुंची. आयुक्त को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर 48 घंटों में डीसी को हटाने की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर चक्का जाम आंदोलन की चेतावनी दी.

जमकर हुई नारेबाजी :

मानकी मुंडा संघ के अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की. संघ के महासचिव चंदन होनहागा ने स्पष्ट किया कि कोल्हान में काम पारंपरिक व्यवस्था और संवैधानिक दायरे में ही होगा. मानकी-मुंडा प्रतिनिधियों का आरोप है कि उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है.

जगह-जगह जाम की स्थिति रही:

इसके पूर्व सुबह करीब 9.45 बजे ग्रामीण समाहरणालय होते हुए खूंटकट्टी मैदान पहुंचे. यहां से रैली तांबो चौक होते हुए टुंगरी, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर थाना व बड़ीबाजार होते हुए कोल्हान प्रमंडल आयुक्त कार्यालय तक गयी. इस कारण जगह-जगह जाम की स्थिति रही.

रैली में शामिल संगठन:

मानकी मुंडा संघ, ईचा- खरकई बांध विरोधी संघ, आदिवासी हो समाज के युवा सभा, छात्र संगठन, सामाजिक संगठन, महिला मंडल, कृषक बंधु, सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी छात्र संगठन और आदिवासी हो समाज महासभा. ज्ञापन में कहा गया कि उपायुक्त चंदन कुमार के जिला में पदस्थापित होने के चार-पांच माह में पारंपरिक व्यवस्था का उल्लंघन हो रहा है. मानकी- मुंडा व डाकुआ को असंवैधानिक रूप से बर्खास्त करने का फरमान जारी कर दिया. मांग पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय गृहमंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मुख्य सचिव, गृह सचिव को भी भेजी गयी है. रैली में छात्र संगठन, मानकी मुंडा संघ के अध्यक्ष गणेश पाट पिंगवा, चंदन होनहागा, रामेश्वर सिंह कुंटिया, सन्नी सिंकू, जिप सदस्य माधव चंद्र कुंकल,झामुमो नेता सह पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा, मुंडा अमृत माझी, सुनील सिरका, सेवा निवृत संगठन क चंद्रमोहन बिरुवा, ईचा- खरकई बांध विरोधी संघ, संताल समाज व रैयत शामिल थे.

पारंपरिक व्यवस्था में हस्तक्षेप नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी : डीसी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पारंपरिक व्यवस्था में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया गया है. उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि वंशावली निर्गत करने का अधिकार मुंडा और मानकी के पास रहेगा. यदि किसी कारण मुंडा अनुपस्थित या उनका निधन हो जाता है, तो मानकी वंशावली निर्गत करेंगे. दोनों की अनुपस्थिति की स्थिति में परंपरागत विकल्पों के तहत प्रक्रिया पूरी की जायेगी. कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक प्रचार कर रहे हैं. ऐसे लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पिछले कुछ महीनों में रिक्त मुंडा-मानकी पदों पर ग्रामसभा के माध्यम से तेजी से नियुक्तियां की गयी हैं. शेष पदों पर जल्द नियुक्ति होगी. हुकूकनामा के अनुसार, बर्खास्तगी एक न्यायिक प्रक्रिया है. इसमें कोल्हान अधीक्षक और न्याय पंच का प्रतिवेदन आवश्यक है. शिकायत की पुष्टि होने पर ही किसी को पद से हटाया जा सकता है.

उपायुक्त के खिलाफ आक्रोश रैली में भाग लेने चाईबासा गये महासभा के लोग

मानकी मुंडा संघ अंचल समिति, चक्रधरपुर एवं आदिवासी हो समाज महासभा अनुमंडल और प्रखंड समिति के सदस्य संयुक्त रूप से मंगलवार को चाईबासा में आक्रोश रैली में भाग लेने गए. इस रैली में न केवल पश्चिमी सिंहभूम जिले के लोग शामिल हुए, बल्कि कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आदिवासी समुदाय के लोग चाईबासा पहुंचे. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उपायुक्त, द्वारा लगातार मानकी-मुंडा एवं डाकुवा के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >