नोवामुंडी: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में गुरुवार को क्लस्टर स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ. मुख्य अतिथि टाटा स्टील के चीफ इंजीनियरिंग सर्विस नारायण शर्मा, विशिष्ट अतिथि डीडीसी उत्कर्ष कुमार, हेड एडमिन निशिकांत सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सविता टोपनो, बीडीओ पप्पू रजक तथा प्राचार्या शशिकला समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे. अतिथियों ने कहा कि खेल से अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है.
प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीएवी चिरिया ने डीएवी झींकपानी को हराकर खिताब हासिल किया. डीएवी बिष्टुपुर द्वितीय उपविजेता रही. अंडर-19 वर्ग में डीएवी बिष्टुपुर ने डीएवी गुवा को मात देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की. डीएवी नोवामुंडी तीसरे स्थान पर रही.
अंडर-14 वर्ग में डीएवी बिष्टुपुर की बालक टीम सीधे जोनल स्तर के लिए क्वालिफाई कर गयी. विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया. ये सफल टीमें जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी. प्राचार्या शशिकला ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी.
