Chaibasa News : घर के बाहर सो रहे युवक को हाथी ने कुचला, पैर टूटा

झींकपानी में हाथियों का उत्पात जारी, ग्रामीण दहशत में

झींकपानी. झींकपानी. प्रखंड के रिहायशी इलाकों में हाथियों का उत्पात जारी है. रविवार रात लगभग 1 बजे जोड़ापोखर के कुम्हारटोली में दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने घर के आंगन में सो रहे दासो मुंडा (46) को कुचल दिया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. दासो मुंडा को चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हाथियों ने न केवल जनहानि पहुंचाई, बल्कि गांव के पांच घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है.

नींद में किया हमला, बाल-बाल बची जान :

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दासो मुंडा अपने घर के बाहर आंगन में सो रहे थे, तभी हाथियों ने उनपर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें पैर से मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया, इससे उनका एक पैर टूट गया है और कमर में भी गंभीर चोटें आयी हैं. सोमवार सुबह मजदूर नेता जॉन मिरन मुंडा के सहयोग से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया.

वन विभाग ने 10 हजार का मुआवजा दिया :

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. विभाग की ओर से पीड़ित के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपये उपलब्ध कराया गया. ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं. सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. सोमवार को जोड़ापोखर में मागे पर्व मनाया जा रहा है. त्योहार के अवसर पर हाथियों की मौजूदगी ने खुशियों के बीच डर पैदा कर दिया है. ग्रामीण इस बात से डरे हुए हैं कि भीड़भाड़ और उत्सव के बीच हाथी दोबारा हमला न कर दे.

एनएच-75 जाम करने की चेतावनी

मजदूर नेता जॉन मिरन मुंडा ने वन विभाग और प्रशासन से कहा कि वन विभाग जल्द हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से खदेड़ने का सार्थक प्रयास करे. यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया, तो ग्रामीण एनएच-75 मुख्य सड़क को जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >