चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से पांच मोड़ होते हुए प्रेम निवास जाने वाली सड़क पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश या अंदरूनी कमजोरी के चलते सड़क किनारे खड़ा एक विशाल शिरीष का पेड़ अचानक सड़क पर आ गिरा. इस दुर्घटना की चपेट में आने से एक कार और एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ऑपरेटिंग विभाग के कर्मचारी संजीव मुखी अपनी बाइक से घर लौटते वक्त गंभीर रूप से घायल हो गए.
चलती बाइक पर टूटी टहनी
घटना शुक्रवार सुबह की है जब रेलकर्मी संजीव मुखी अपनी बाइक से ड्यूटी के बाद घर जा रहे थे. अचानक चलती बाइक पर पेड़ की भारी-भरकम टहनी आ गिरी, जिससे उनकी बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
स्थानीय लोगों की तत्परता से अस्पताल पहुंचे घायल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अनुकरणीय तत्परता दिखाते हुए घायल रेलकर्मी को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए फौरन रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है. इस अचानक हुए हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
पुराने और सूखे पेड़ों की छंटाई की उठी मांग
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि रेलवे क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में ऐसे दर्जनों पुराने, सूखे और विशाल पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं. ग्रामीणों और राहगीरों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन खतरनाक पेड़ों का निरीक्षण कर उनकी कटाई-छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनहोनी को टाला जा सके.
