चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर 25 अगस्त को उत्पाद विभाग की टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लातरसिका में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान अवैध चुलाई शराब के निर्माण में संचालित आठ भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
3000 किलो जावा-महुआ मौके पर किया नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की. वहीं, शराब बनाने के लिए भट्ठियों पर जमा करीब 3000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि अवैध शराब निर्माण में संलिप्त भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी है. मामले में कुल आठ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
लाइसेंसी शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उत्पाद विभाग की टीम ने लाइसेंसी खुदरा शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया. उपायुक्त के निर्देश पर भगत सिंह चौक स्थित कंपोजिट शराब दुकान (अनुज्ञप्ति संख्या 043_COM_WES_25-26) और पदमपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान (अनुज्ञप्ति संख्या 032_COM_WES_25-26) का निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों और विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार दुकान संचालित करने, तय एमआरपी पर ही शराब की बिक्री करने और अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया.
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के साथ-साथ लाइसेंसी दुकानों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी.
