Chaibasa: चाईबासा में शनिवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया. टीम ने राज्य के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के भाई विनय ठाकुर के आवास पर छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई से पूरे शहर के व्यावसायिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गयी. विनय ठाकुर ‘सत्यम बिल्डर्स’ नामक कंपनी के मालिक हैं और निर्माण कार्यों से जुड़े हैं. शनिवार को दो वाहनों में सवार होकर आये केंद्रीय जीएसटी के अधिकारियों ने उनके आवास पर दस्तक दी और पूरे परिसर को जांच के दायरे में ले लिया.
यह छापेमारी मुख्य रूप से टैक्स चोरी और वित्तीय लेनदेन में भारी अनियमितताओं की गुप्त सूचना पर की गयी है. टीम ने घर में मौजूद लैपटॉप, कंप्यूटर और अलमारियों में रखे व्यावसायिक दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. सीजीएसटी के अधिकारियों ने सिर्फ इतना बताया कि हिसाब-किताब में मिस मैच को लेकर यह जांच हो रही है.
अधिकारियों ने जानकारी देने से किया इंकार
विभागीय अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले में जांच पूरी होने तक कुछ भी बताने से इनकार किया है. हालांकि, चर्चा है कि सत्यम बिल्डर्स के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में जीएसटी भुगतान को लेकर गड़बड़ी मिली है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और किसी को भी अंदर जाने और अंदर से बाहर आने की अनुमति नहीं दी गयी. देर शाम तक दस्तावेजों के मिलान का काम जारी रहा.
ये भी पढ़ें…
गुमला प्रशासन ने मिट्टी में मिलाई लहलहाती अफीम की फसल, लातेहार के माफिया का कनेक्शन
जेएमडीसी की उदासीनता से 58 खदानें बंद, हजारों लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट
