बारिश में और निखरी फुल झरना की खूबसूरती, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने से बढ़ा आकर्षण

आनंदपुर के बेड़ाकेंदुदा स्थित फुल झरना अपनी प्राकृतिक सुंदरता से पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है. जानें इस खूबसूरत पर्यटन स्थल के बारे में पूरी जानकारी.

आनंदपुर: लगातार हो रही बारिश के बीच आनंदपुर प्रखंड के बेड़ाकेंदुदा गांव स्थित फुल झरना इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. पहाड़ी से कल-कल करती गिरती जलधारा, चारों ओर फैली हरियाली और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. प्रतिदिन आसपास के गांवों के युवक-युवतियों के साथ परिवार भी यहां पहुंचकर प्रकृति की गोद में सुकून के पल बिता रहे हैं.

बारिश ने बढ़ायी झरने की खूबसूरती

बेड़ाकेंदुदा का फुलझरना

लगातार बारिश से पहाड़ी से गिरने वाले पानी का प्रवाह तेज हो गया है. सीढ़ीनुमा चट्टानों से होकर नीचे गिरती स्वच्छ और शीतल जलधारा का दृश्य बेहद मनमोहक हो गया है. झरने के आसपास घने पेड़-पौधे और हरियाली इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं. पर्यटक यहां बैठकर प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ तस्वीरें और सेल्फी भी ले रहे हैं.

मुख्य सड़क से महज 100 मीटर, रास्ता अब भी कच्चा

फुल झरना मनोहरपुर-रांची मुख्य मार्ग पर बेड़ाकेंदुदा मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है. हालांकि झरने तक पहुंचने के लिए कच्चे और पगडंडीनुमा रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय निवासी रामकृपाल प्रधान ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद से यहां रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं मिलने पर यह प्रमुख पर्यटन स्थल बन सकता है.

सोशल मीडिया ने बढ़ायी लोगों की दिलचस्पी

ग्रामीणों के अनुसार फुल झरना लंबे समय से प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र रहा है, लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में इसकी पहचान सीमित थी. अब सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा होने के बाद यहां लोगों की आवाजाही बढ़ी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थल का विकास, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >