बड़ाजामदा में बारिश का ऐसा कहर... पुल के ऊपर बहने लगा पानी, घंटों थमा रहा आवागमन

बड़ाजामदा में मूसलाधार बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था विफल रही. मुख्य मार्ग छह घंटे तक जलमग्न रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई.

बड़ाजामदा: 23 अगस्त की शाम हुई मूसलाधार बारिश ने बड़ाजामदा शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. कुछ ही घंटों की बारिश में शहर का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया. बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर भट्ठीसाई पेट्रोल पंप के समीप स्थित पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजरने लगा. पुल पूरी तरह डूब जाने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और करीब छह घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा.

तेज बहाव के बावजूद कुछ वाहन चालकों ने पुल पार करने का प्रयास किया. इसी दौरान एक बोलेरो और एक स्कॉर्पियो पानी में फंस गयीं और बहने से बाल-बाल बचीं. स्थानीय लोगों ने दोनों वाहनों को धक्का देकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया. कई मोटरसाइकिलें भी पानी में फंस गयीं. मुर्गा महादेव जाने वाले कांवड़ियों समेत बड़ी संख्या में लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे.

स्थिति को देखते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस टीम के साथ मौके पर तैनात रहे. पुलिसकर्मी लोगों को तेज बहाव के बीच पुल पार करने से रोकते रहे.

फुटबॉल मैदान और स्कूल क्षेत्र भी डूबा

भारी जलभराव के कारण बड़ाजामदा का फुटबॉल मैदान और मिडिल स्कूल क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गया. कई घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आयी है.

अतिक्रमण से संकरा हुआ पुराना नाला

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों पहले शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़ा और गहरा नाला हुआ करता था. धीरे-धीरे अतिक्रमण और निर्माण के कारण नाला संकरा होता चला गया. वहीं, लौह चूर्ण, मिट्टी और कचरे के कारण नालियां भी जाम हैं. इसके चलते बारिश का पानी तेजी से निकल नहीं पाता और शहर में जलजमाव की स्थिति बन जाती है.

स्थानीय लोगों ने पुराने जल निकासी मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ नाले की सफाई, चौड़ीकरण और गहरीकरण कराने की मांग की है. इसके अलावा पुल की जल निकासी क्षमता बढ़ाने की भी मांग उठायी गयी है, ताकि बारिश के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sandip K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >