Chaibasa News : केयू का दीक्षांत समारोह दिसंबर के पहले सप्ताह में

कोल्हान विश्वविद्यालय : एकेडमिक काउंसिल की बैठक हुए अहम फैसले

चाईबासा.

कोल्हान विश्वविद्यालय में एकेडमिक काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने की. बैठक में कई शैक्षणिक व प्रशासनिक निर्णय लिए गये. बैठक में इंडियन नर्सिंग काउंसिल के पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम को मंजूरी प्रदान की गयी. अब इसकी पढ़ाई विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में होगी. साथ ही, प्रश्न पत्रों की त्रुटियों को दूर करने के लिए प्रत्येक विषय में मॉडरेशन बोर्ड गठित करने का निर्णय लिया गया. काउंसिल ने तय किया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश मार्च 2026 से प्रारंभ होगा. तब तक सभी लंबित परीक्षाएं संपन्न करा ली जायेंगी, और रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे. नयी शिक्षा नीति के अनुरूप भारतीय ज्ञान प्रणाली विषयों की परीक्षा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी. इसके अलावा दीक्षांत समारोह दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित हुआ. बैठक में समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी. कुलपति डॉ. गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य शिक्षा कीगुणवत्ता को और बेहतर बनाना है. उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में अधिक व्यावसायिक एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. बैठक में वित्त सलाहकार, संकाय अध्यक्ष, प्राचार्यगण, विभागाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

सेवानिवृत्त अनुबंध कर्मियों को बकाया मानदेय जल्द

कोल्हान विश्वविद्यालय के मुख्यालय समेत विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में अपनी सेवा प्रदान करने वाले सेवानिवृत्त अनुबंध कर्मियों की सेवा की प्रक्रिया पिछले सात माह से पूरी नहीं हो सकी है. विश्वविद्यालय में ऐसे कर्मियों की संख्या लगभग 50 से अधिक हैं. सात माह से नवीकरण नहीं हो पाने के कारण इनको मानदेय भी नहीं मिल रहा है. जबकि सेवानिवृत्त अनुबंधकर्मी लगातार अपनी सेवा दे रहे हैं. इसे लेकर कई बार कर्मियों द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अवगत कराया गया है, पर समाधान नहीं होने से ये कर्मी आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं. इन्हें आशा है कि पूजा से पहले प्रबंधन द्वारा मानदेय उपलब्ध करा दिया जायेगा. कुलसचिव डॉ पी सियाल ने कहा की मानदेय से संबंधित फाइल बढ़ायी जा चुकी है. एक-दो दिनों में इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी जायेगी. संभावना है कि पूजा से पहले इन्हें मानदेय मिल जायेगा.

शिक्षक संघ का चुनाव 12 अक्तूबर को

कोल्हान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (टाकू) के 15 पदों पर चुनाव के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी की गयी. चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय चुनाव समिति गठित की गयी है. कोल्हान विवि के पीजी अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार को चुनाव समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है. वहीं, सदस्य के रूप में प्रो विनोद कुमार, प्रो अनामिका कुमार, डॉ मयंक प्रकाश व डॉ सुशांत कुमार को मनोनीत किया गया है. उक्त जानकारी चुनाव समिति ने दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >