Chaibasa News : खूंटपानी से गायब मासूम का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, गांव में दहशत

बिस्कुट खिलाकर चार साल के मासूम को ले भागा था युवक

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत खूंटपानी गांव में मंगलवार को लापता बच्चे का सुराग तीन दिन बाद नहीं मिला है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता को लेकर दहशत का माहौल है. लापता बालक अपने घर का इकलौता बेटा है. बच्चा ठीक से नहीं बोल पाता है.

बच्चे की मां बालेमा हेंब्रम ने बताया कि 24 फरवरी की सुबह वह मजदूरी पर जाने की तैयारी कर रही थी. सुबह करीब 07 बजे एक युवक आंगन में आया और खेल रहे निर्मल को बिस्कुट खिलाने लगा. जब मां घर के अंदर काम करने गयी, तभी मौका पाकर युवक बच्चे को लेकर फरार हो गया. ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को बच्चे के साथ पैदल जाते और बाद में बाइक पर सवार होकर निकलते देखा था.

चक्रधरपुर के उलीडीह के दुंबी बोदरा पर शक

जांच के दौरान आरोपी की पहचान चक्रधरपुर के उलीडीह निवासी दुंबी बोदरा के रूप में हुई है. पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला. ग्रामीणों ने बताया कि वह अपने ससुराल बोंडोलगुटू में था, लेकिन वहां भी पुलिस के पहुंचने से पहले वह बच्चे को लेकर जंगल की ओर भाग निकला. ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने बच्चे को पटक कर जख्मी भी किया है. इससे अनहोनी की आशंका है.

खोजी कुत्तों के साथ बच्चे की तलाशी

गुरुवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह खोजी कुत्तों के साथ खूंटपानी पहुंचे. हालांकि, कुत्ता उसी स्थान तक जाकर लौट आया जहां तक आरोपी पैदल गया था. इधर, बेटे के गम में मां बालेमा हेंब्रम की स्थिति बिगड़ गयी है. बेहोश होकर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी है.

भुता गांव में पकड़ी गयी संदिग्ध महिला निकली विक्षिप्त

इधर, खूंटपानी की घटना के बाद ग्रामीणों में इस कदर खौफ है कि भुता गांव में एक संदिग्ध महिला को देखते ही ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. पुलिस जांच में पता चला कि महिला माधुरी, बड़ी बाजार निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ है. पुलिस ने उसके भाई को बुलाकर उसे सुरक्षित सौंप दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >