प्रतिनिधि, चाईबासा
गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कोनेना गांव में विषैले सांप के काटने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान विकास अंगरिया के रूप में हुई है. वह कोनेना गांव निवासी गुमदा अंगरिया का पुत्र था.
मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर जमीन पर सो रहे थे. रात करीब दो बजे एक विषैले चीती सांप ने विकास के दाहिने हाथ की उंगली पर काट लिया. दर्द होने पर उसकी नींद खुली तो उसने सांप को दरवाजे की ओर रेंगते हुए देखा. इसके बाद उसने परिजनों को बताया कि उसे सांप ने काट लिया.
परिजन का आरोप, समय पर नहीं मिला इलाज
रात होने के कारण उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया जा सका. गुरुवार सुबह परिजन उसे गोइलकेरा अस्पताल ले कर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे एक इंजेक्शन दिया और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया. सुबह 9.13 बजे उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान करीब 9.45 बजे उसकी मौत हो गई.
चिकित्सकों ने बताया कि बालक को काफी देर से अस्पताल लाया गया था. समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इधर, परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे घर ले गए.
