विश्व युवा कौशल दिवस : ईएसएल स्टील युवाओं को दे रहा कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई पहचान

विश्व युवा कौशल दिवस पर ईएसएल स्टील युवाओं को कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बना रहा है. जानें पूरी खबर.

प्रतिनिधि, बोकारो

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (वीआईएसएल) की सहायक कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड ने कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, उद्यमिता और खेलों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम 'साझा भविष्य के लिए कौशल' के अनुरूप कंपनी की सामुदायिक विकास पहलों से अब तक एक लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है. ईएसएल स्टील का मानना है कि भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में कुशल युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. इसी उद्देश्य से कंपनी युवाओं को तकनीकी, व्यावसायिक और डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है.

ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा कि लोगों के विकास में किया गया निवेश सबसे महत्वपूर्ण निवेश होता है. उन्होंने कहा कि कंपनी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने तथा समुदायों के समावेशी और सतत विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, खेल और आजीविका संवर्धन की इन पहलों के माध्यम से ईएसएल स्टील आत्मनिर्भर और सक्षम समाज के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है.

700 से अधिक युवाओं को मिला प्रशिक्षण, 400 को रोजगार

बोकारो स्थित वेदांता ईएसएल स्किल स्कूल कंपनी की प्रमुख पहल है. यहां युवाओं को सोलर पीवी इंस्टॉलेशन और होम अप्लायंस रिपेयर जैसे उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों का आवासीय व रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाता है. वर्ष 2022 में स्थापना के बाद अब तक 700 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें 400 से अधिक युवाओं को संगठित क्षेत्र में रोजगार मिल चुका है.

डिजिटल शिक्षा से ग्रामीण युवाओं को नई दिशा

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कंपनी ने प्रोजेक्ट एएएस विद्यालय के तहत डिजिटल लर्निंग कैफे स्थापित किए हैं. इन केंद्रों के माध्यम से झारखंड के ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

खेल प्रतिभाओं को भी मिल रहा प्रोत्साहन

ईएसएल स्टील खेलों के क्षेत्र में भी युवाओं को आगे बढ़ा रहा है. वेदांता ईएसएल तीरंदाजी अकादमी में अब तक 50 से अधिक युवा तीरंदाजों को प्रशिक्षण दिया गया है. अकादमी के खिलाड़ियों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक पदक जीते हैं. वहीं कंपनी की ग्रामीण खेल पहलों से 400 से अधिक युवाओं को लाभ मिला है.

महिलाओं को भी बनाया जा रहा आत्मनिर्भर

कंपनी प्रोजेक्ट जीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बना रही है. महिलाओं को सिलाई, मशरूम उत्पादन और अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहयोग दिया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dharmanath kumar

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >