Bokaro News : खालिद की हत्या में दो लोगों ने जुर्म कबूला

Bokaro News : जून 2022 से लापता खालिद अंसारी का कंकाल कब्रिस्तान से बरामद किया है.

चीरा चास थाना क्षेत्र से जून 2022 से लापता 32 वर्षीय खालिद अंसारी का कंकाल सोमवार की रात को एसआइटी ने भर्रा कब्रिस्तान से बरामद किया है. मामले में गिरफ्तार भर्रा पुल के पास रहने वाले समीमुद्दीन व अलाउद्दीन ने हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस सूत्रों के अनुसार भर्रा में रहने के दौरान खालिद की पहचान समीमुद्दीन व अलाउद्दीन से हुई. खालिद ने इनसे लगभग 25 हजार रुपया कर्ज लिया था. खालिद की दोस्ती एक महिला से हो गयी थी. समीमुद्दीन व अलाउद्दीन कर्ज लौटाने के लिए खालिद पर दबाव बना रहे थे. इसके अलावे खालिद की महिला से दोस्ती भी उन्हें नागवार गुजर रही थी. 16 जून 2022 को कर्ज की राशि वापस नहीं लौटने पर खालिद की दोनों से बहस हुई. इसके बाद दोनों ने योजना बना कर रात को खालिद की हत्या कर दी और भर्रा कब्रिस्तान में शव को दफना दिया.समीमुद्दीन व अलाउद्दीन की निशानदेही पर ही चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार, हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज कुमार की उपस्थिति में कब्र खोद कर कंकाल बरामद किया गया. देर रात को ही फॉरेंसिक टीम ने हड्डी व कुछ कपड़ों का सैंपल जांच के लिए जब्त किया. आरोपियों के अनुसार कब्रिस्तान से निकाले गये कपड़े खालिद के है. इसी के आधार पर एसआइटी का दावा है कि कंकाल खालिद का है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. मंगलवार को अनुमंडल अस्पताल चास में खालिद के माता-पिता का सैंपल जांच के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पूछताछ के बाद मंगलवार को दोनों आरोपियों का बयान न्यायालय में कलमबद्ध कराया गया. इसके बाद न्यायिक हिरासत में चास जेल भेज दिया गया.

आडेसा गांव का रहने वाला था

चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया थाना स्थित आडेसा गांव निवासी खालिद अंसारी का निकाह वर्ष 2015 में चास मु. थाना क्षेत्र के अलकुशा निवासी हीना बीबी से हुआ था. दोनों के दो बच्चे भी हैं. इस बीच 16 जून 2022 जून से खालिद संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया. खालिद की खोज में हीना अपने बच्चों को लेकर इस थाना से उस थाना भटकती रही. खोजबीन के क्रम में पता चला कि खालिद वर्ष 2018 से भर्रा में शमीम अंसारी के घर में रहता है. सूचना पर हीना बीबी ने 18 जून 2022 को चीरा चास थाना में पति के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज करायी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >