पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया. इस दौरान सड़क किनारे खड़े 35 बड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 23,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से बढ़ रहा हादसे का खतरा
ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीतीश कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे के दोनों किनारों पर बड़े वाहनों के खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है. इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ड्राइव चलाया.
आईटीआई मोड़ से पिंड्राजोरा बाजार तक चला अभियान
शनिवार को आईटीआई मोड़, जेल मोड़ से पिंड्राजोरा बाजार तक अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे खड़े 35 बड़े वाहनों का चालान काटा गया और 23,750 रुपये जुर्माना वसूला गया. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को देखते हुए आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा.
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों की परेशानी
इधर, नगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि बड़े वाहनों के लिए शहर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. प्रशासन से कई बार पार्किंग एरिया उपलब्ध कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ. पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण ट्रांसपोर्टरों को मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं.
शुल्क देने को तैयार, पार्किंग की मांग
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि वे वाहन पड़ाव के लिए निर्धारित शुल्क देने को तैयार हैं. उनका कहना है कि यदि प्रशासन की ओर से व्यवस्थित पार्किंग स्थल उपलब्ध करा दिया जाए, तो सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग की समस्या दूर हो सकती है और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा.
