कसमार प्रखंड अंतर्गत गर्री पंचायत भवन के पास स्थित टेपा बागान में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है. पंचायत भवन क्षेत्र में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम के बाद ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होती है. इसे देखते हुए ग्रामीणों ने पंचायत भवन के पास हाईमास्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से की है.
पंचायत भवन में शाम तक होती है लोगों की आवाजाही
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत भवन क्षेत्र का महत्वपूर्ण सार्वजनिक केंद्र है. पंचायत से जुड़े कार्यों, बैठकों और अन्य जरूरी कामों के लिए आसपास के गांवों के लोग यहां पहुंचते हैं. कई बार काम के सिलसिले में शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है. सूर्यास्त के बाद टेपा बागान में अंधेरा छा जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है.
ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे के कारण खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है. साथ ही सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है.
सोलर लाइट लगने से बड़ा क्षेत्र होगा रोशन
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत भवन के सामने हाईमास्ट सोलर लाइट लगने से आसपास का बड़ा क्षेत्र रोशन हो सकेगा. इससे पंचायत भवन आने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी. सोलर लाइट से बिजली पर निर्भरता कम होगी और नियमित प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा सकेगी.
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत भवन के सामने धीरे-धीरे व्यावसायिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं. देर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही रहती है. इसके अलावा सामने स्थित पुराने शिवालय में भी श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है. ऐसे में इस क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की जरूरत और बढ़ गयी है.
ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की
अभिजीत कुमार, रविशंकर प्रजापति, सहदेव झारखंडी, प्राण किशन, पंकज कपरदार, सलिल सुधाकरन और बजरंगी प्रजापति समेत अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने टेपा बागान में जल्द हाईमास्ट सोलर लाइट लगाने की मांग की, ताकि शाम के बाद लोगों को होने वाली परेशानी दूर हो सके.
