Bokaro News : जिला में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक

Bokaro News : डीसी ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की.

जिला में पेट्रोल व डीजल का पर्याप्त स्टॉक है. अनिवार्य सेवा, कृषि कार्य व आम नागरिकों के वाहनों की जरूरतों को देखते हुए अगले दो-तीन माह के लिए पर्याप्त स्टॉक है. लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और सामान्य रूप से ईंधन का उपयोग करें. यह बातें शनिवार को डीसी अजय नाथ झा ने कही. गोपनीय कार्यालय में डीसी ने आइओसीएल, एचपीसीएल- बीपीसीएल प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. उनसे जिला में पेट्रोल पंपों की स्थिति की जानकारी ली. बताया गया कि जिला में 132 पेट्रोल पंप हैं. इनमें आइओसीएल के 70, बीपीसीएल के 23, एचपीसीएल के 29, जियो के तीन व नायरा के सात पेट्रोल पंप शामिल हैं. डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी, भ्रामक पोस्ट या फर्जी रील बना कर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने जिला के दोनों एसडीओ व साइबर थाना प्रभारियों को सोशल मीडिया की गतिविधियों की लगातार मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया.

उड़न दस्ता टीम गठित करने का निर्देश

डीसी ने कहा कि डिपो से निकलने वाले तेल टैंकर कहीं भी बेवजह नहीं रुकेंगे. इसका उल्लंघन करने पर संबंधित टैंकर के चालक व तेल कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई होगी. जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालको को निर्देश दिया कि ईंधन परिवहन व वितरण की नियमित निगरानी के लिए उड़न दस्ता टीम का गठन किया जाये. टीम विभिन्न स्थलों पर जांच कर सुनिश्चित करेगी कि कहीं भी अनावश्यक जमाव, कालाबाजारी या आपूर्ति में बाधा उत्पन्न नहीं हो.

आम लोगों से सहयोग की अपील

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है. आम लोगों से सहयोग व संयम की अपेक्षा है, ताकि जिला में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से होती रहे. बैठक में डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, आइओसीएल के त्रितेश कुमार, एचपीसीएल के उज्जवल कुमार, बीपीसीएल के राम चंद्रा आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >