Bokaro News: फिटनेस के जुनून खूब में दौड़ी स्टील सिटी बोकारो…संकल्प व शौर्य के साथ सड़कों पर उतरे शहरवासी

Bokaro News: फिटनेस के जुनून में बोकारो दौड़ा…संकल्प और शौर्य के साथ सड़कों पर उतरा. स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अलख जगाने व सामुदायिक एकता के धागे में पूरे शहर को पिरोने के उद्देश्य से बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) की ओर से रविवार को ‘बोकारो हाफ मैराथन’ का आयोजन हुआ, जिसमें पूरा बोकारो दौड़ा. “एक्टीव बोकारो, हेल्दी बोकारो” की गूंजती थीम पर आधारित यह खेल महाकुंभ महादौड़ सेक्टर-चार स्थित प्रतिष्ठित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम से सुबह 06:30 बजे शुरू हुआ.

मैराथन में हिस्सा लेने वाले हर जांबाज के लिए पुरस्कारों की बौछार हुई. विजेताओं को जहां भारी-भरकम आकर्षक नकद पुरस्कारों से नवाजा गया, वहीं अपना लक्ष्य पूरा करने वाले प्रत्येक फिनिशर को उनकी मेहनत और जज्बे के सम्मान में मेडल, आकर्षक टी-शर्ट व ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. बोकारो को विश्व के फिटनेस मानचित्र पर एक नई पहचान मिली. स्थानीय मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम खेल भावना, जोश और उत्साह से सराबोर नजर आया. रंग-बिरंगे टी-शर्ट में प्रतिभागी फब रहे थे.

1,229 महिला व 4,571 पुरुष का अदम्य साहस, अनुशासन व फिटनेस दिखा

हॉफ मैराथन में बोकारो के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आये कुल 5,800 धावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. प्रतिभागियों में 1,229 महिला व 4,571 पुरुष धावक शामिल रहे, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया. मैराथन का आयोजन 21 किलोमीटर (हॉफ मैराथन), 10 किलोमीटर व पांच किलोमीटर की श्रेणियों में महिला व पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग किया गया, जिससे हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के प्रतिभागियों को क्षमता के अनुरूप भागीदारी का अवसर मिला.

दिव्यांग प्रतिभागियों का उत्साह व आत्मविश्वास विशेष आकर्षण का केंद्र रहा

दिव्यांगजनों के लिए दो किलोमीटर की विशेष दौड़ भी हुई, जिसने कार्यक्रम को समावेशी व प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया. दिव्यांग प्रतिभागियों का उत्साह व आत्मविश्वास विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया. संयंत्र के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स, डीआईजी (सीआईएसएफ) एम मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. धावकों व दर्शकों के उत्साहपूर्ण जयघोष से वातावरण गूंज उठा.

पेयजल, एनर्जी ड्रिंक व रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती…

मैराथन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किये गये थे. धावकों की सुविधा के लिये पूरे मार्ग में पेयजल, एनर्जी ड्रिंक व रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई. साथ ही एम्बुलेंस, चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था व स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाये रखा. आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे प्रतिभागियों को निर्बाध व सुरक्षित वातावरण मिला. दौड़ में कई सड़कों पर अवागमन बंद रहा.

प्रतिभागियों का जोश, प्रतिस्पर्धा की भावना और खेल भावना देखने लायक रही

दौड़ के दौरान प्रतिभागियों का जोश, प्रतिस्पर्धा की भावना और खेल भावना देखने लायक रही. कई धावकों ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया. कुछ ने पहली बार लंबी दूरी की दौड़ पूरी कर अपनी क्षमता को परखा. दर्शकों और स्वयंसेवकों ने तालियों और उत्साहवर्धन से धावकों का मनोबल बढ़ाया. दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान किये गये. विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने पुरस्कृत किया. विजेताओं के चेहरों पर उपलब्धि की चमक साफ दिखाई दे रही थी.

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ

सेल–बोकारो हॉफ मैराथन ने न केवल खेल और फिटनेस को बढ़ावा दिया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता का भी संदेश दिया. यह आयोजन बोकारो ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ. प्रतिभागियों ने कहा : यह खुशी और उमंग का उदाहरण है. आने वाले समय में इसी प्रकार बोकारो के लोग खुश रहें. इसी तरह का आयोजन प्रत्येक किया जाता रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mayank tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >