तेनुघाट/पेटरवार. पिछले चार महीने से लापता दीपक कुमार (20 वर्ष) का कंकाल सोमवार को पेटरवार थाना क्षेत्र की पतकी पंचायत के बगजोबरा गांव के पास के जंगल में मिला. हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत अचल जामुन निवासी गुंजन रजवार का पुत्र दीपक दो साल से अपनी ननिहाल बगजोबरा में रह कर पढ़ाई कर रहा था. वह 11 दिसंबर की सुबह घर से निकला था, लेकिन फिर नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला. पेटरवार थाना में शिकायत भी की थी. यहां तक कि राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता व उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से भी गुहार लगायी थी.
कई भाग में अलग-अलग पड़ा हुआ था कंकाल
सोमवार को ग्रामीणों को बगजोबरा जंगल में झरना बोन के पास एक कंकाल मिला. कंकाल कई भाग में अलग-अलग पड़ा हुआ था. पास में ब्लू रंग की जींस पैंट थी. सूचना पर दीपक के मामा बिनोद रजवार और बड़े पापा ललित रजवार पहुंचे और कपड़े व मौली धागे के आधार पर उसकी पहचान की. दीपक का कंकाल मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. बरामद कंकाल दीपक कुमार का है या नहीं, इसका खुलासा डीएनए टेस्ट होने के बाद ही हो पायेगा. दीपक दो बहनों का इकलौता भाई और सबसे बड़ा था. दीपक कुमार का कंकाल मिलने की सूचना मिली है. जांच पूर्ण होने के बाद ही आगे कुछ बताया जा सकता है. वशिष्ठ नारायण सिंह, एसडीपीओ, बेरमो
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
