Bokaro News : चंद्रपुरा में अंतर जिला गिरोह के छह अपराधी गिरफ्तार,

Bokaro News : एक रिवाॅल्वर, एक जिंदा गोली, भुजाली, तीन मोबाइल, कार और चोरी का ट्राली सहित ट्रैक्टर जब्त

Bokaro News : अंतर जिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चंद्रपुरा पुलिस ने बुधवार को डकैती, लूट, अपहरण, रंगदारी जैसे संगीन मामलों में संलिप्त छह अपराधियों को गिरफ्तार किया. इन पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सूचना पर चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के न्यू पिपराडीह मिलन चौक पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को देख एक कार डब्ल्यूबी 09–0454 पर सवार दो युवक भागने लगे. पुलिस ने इन्हें घेरकर दबोच लिया. तलाशी में मुकेश यादव के पास से लोडेड रिवाॅल्वर और जिंदा गोली, जबकि शंकर दास के पास से धारदार भुजाली और मोबाइल फोन बरामद किये गये. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों को लूटने की उनकी योजना थी.

ट्रैक्टर चोरी कर हजारीबाग के कबाड़ी को बेचा :

एसपी श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने यह भी बताया कि दोनों अपने अन्य साथियों उमेश दास, दिलीप महतो, छोटू विश्वकर्मा और राजेश करमाली के साथ मिलकर 22 जुलाई को मदनपुर गांव से एक ट्रैक्टर चोरी कर उसे हजारीबाग जिले के औरिया गांव निवासी कबाड़ी प्रमोद साव को बेचे हैं. निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया और अन्य चार लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें दिलीप महतो, उमेश दास, राजेश करमाली और कबाड़ी प्रमोद साव शामिल हैं. पुलिस ने अपराधियों के पास से एक रिवाॅल्वर, एक जिंदा गोली, एक चाकू, एक गुप्ती (करीब 12 इंच), एक कार, तीन मोबाइल, चोरी का ट्रॉली सहित एक ट्रैक्टर बरामद किया गया है. जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. राजेश करमाली और मुकेश यादव पर रंगदारी, डकैती, अपहरण से लेकर एनडीपीएस और यूएपी एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि शंकर दास और दिलीप महतो चोरी के मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं. गिरफ्तार मुकेश यादव डी-टाइप खटाल (चंद्रपुरा), शंकर दास व उमेश दास ललमटिया, पिपराडीह (चंद्रपुरा), दिलीप कुमार महतो (बरवाडीह, नर्रा), राजेश करमाली चतरोचट्टी (बोकारो) व प्रमोद कुमार साव ओरिया (हजारीबाग) का रहनेवाला है. छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक सह पुलिस निरीक्षक नवल किशोर सिंह, पुअनि अजय कुमार सिंह (चंद्रपुरा थाना), मनीष कुमार (दुगदा थाना), श्रीनिवास सिंह (बोकारो-झरिया ओपी) के अलावा चंद्रपुरा थाना के कुंदन कुमार पासवान, अजमत हुसैन, मनोज कुमार भारती, द्वारिका लाल प्रसाद, दिलीप कुमार महतो शामिल थे.

चतरोचट्टी थाना में राजेश करमाली पर दर्ज है अपहरण का केस

राजेश करमाली पर बोकारो के सेक्टर छह थाना, चतरोचट्टी, बड़कागांव व मांडू थाना क्षेत्र में आधा दर्जन केस दर्ज हैं. मुकेश यादव पर चंद्रपुरा थाना, जीआरपी चंद्रपुरा, जीआरपी धनबाद, जीआरपी गोमो, जीआरपी भोजूडीह में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. चंद्रपुरा के शंकर कुमार दास पर चंद्रपुरा थाना में दो व दिलीप कुमार महतो पर चंद्रपुरा थाना में एक केस दर्ज है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >