प्रतिनिधि, बोकारो
सेक्टर-5 स्थित श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) की लेवल-2 ओलंपियाड परीक्षा (2025-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है. विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने आईएमओ, एनएसओ, आईसीएसओ, आईएसएसओ और आईएचओ में अंतरराष्ट्रीय व जोनल स्तर पर उल्लेखनीय रैंक हासिल की. मंगलवार को विद्यार्थियों को इंटरनेशनल सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल, उत्कृष्टता प्रमाणपत्र, नकद पुरस्कार और गिफ्ट वाउचर से सम्मानित किया गया.
कक्षा तीन की छात्रा ऋद्धि वर्मा ने आईएसएसओ में अंतरराष्ट्रीय रैंक-2 और जोनल रैंक-1 प्राप्त कर इंटरनेशनल सिल्वर मेडल, एक हजार रुपये का गिफ्ट वाउचर और प्रमाणपत्र हासिल किया. वहीं अर्जुन शर्मा, आरुषि कुमारी और अदिति कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में अंतरराष्ट्रीय रैंक-2 प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता. तेजस अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय रैंक-3 हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया. इसके अलावा अथर्व मनीष सिंह, दिव्यांशु कुमार महतो, श्रीहन, यषार्थ सिंह, आर्ची सिंह राजपूत और शुभम कुमार ने आईएमओ, एनएसओ और आईसीएसओ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय व जोनल रैंक हासिल की. इन विद्यार्थियों को एक्सीलेंस सर्टिफिकेट, नकद पुरस्कार और अन्य सम्मान प्रदान किए गए.
विद्यालय के निदेशक डॉ. एसएस महापात्रा, प्राचार्या पी. शैलजा जयकुमार, उप-प्राचार्य सुरेश बाबू व राजलक्ष्मी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है. विद्यालय के चेयरमैन पी. राजागोपाल ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उपाध्यक्ष शशीन्द्रन करात व मोहनन आर. नायर, महासचिव एस. सुसीलन, कोषाध्यक्ष बालाचंद्रन, निदेशक मंडल के सदस्य सुरेश कुमार केए और डॉ. सुरेश बाबू ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी.
