Bokaro News : ललपनिया. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्लस टू उच्च विद्यालय गोमिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक व सभी शिक्षकों को पत्र लिख कर 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. कहा है कि गुरुवार को 12:30 बजे अपराह्न में उपायुक्त व अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ ललपनिया लुगुबुरू पहाड़ी गोमिया में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जाने के क्रम में विद्यालय के 50 से 60 छात्र-छात्राओं को विद्यालय अवधि में ही रास्ते में अपने-अपने घर जाते हुए देखा गया. पूछे जाने पर दो-तीन छात्रों ने छुट्टी का आवेदन पत्र दिखाया. जबकि शेष छात्र-छात्राएं बिना अनुमति के ही विद्यालय से निकल चुके थे. स्पष्ट करें कि किस परिस्थिति में आपके द्वारा विद्यालय संचालन अवधि के दौरान छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिसर से बाहर जाने दिया गया है. इससे स्पष्ट होता है कि शिक्षकों द्वारा नियमित कक्षा संचालित नहीं की जाती है और ना ही छात्र-छात्राओं पर विशेष निगरानी रखी जाती है. विद्यालय अवधि में सड़क पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए जिम्मेवार कौन होंगे? पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपना-अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध करायें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
