Bokaro News : बेरमाे काेयलांचल में धूमधाम से मनी शिवरात्रि

Bokaro News : बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार को महाशिवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया गया. शिवालयों में पूजा के लिए श्रद्धालु उमड़े. जगह-जगह शिव बरात भी निकाली गयी.

प्रभात खबर टोली. बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार को महाशिवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया गया. शिवालयों में पूजा के लिए श्रद्धालु उमड़े. शिवलिंग पर भांग, धतूरा, बेल पत्र, फूल, प्रसाद चढ़ाया और जल अर्पण किया. हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे. कई मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की कतार लग गयी. शिवरात्रि को लेकर शिव मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था.

फुसरो़

फुसरो बाजार, नया रोड फुसरो, पुराना बीडीओ ऑफिस, करगली बाजार, करगली गेट, ढोरी स्टाफ क्वार्टर, सुभाषनगर, जवाहर नगर, रामनगर, सेंट्रल कॉलोनी मकोली, स्टेशन रोड फुसरो, शारदा कॉलोनी, मकोली, बेरमो सीम डीवीसी, ढोरी बस्ती सौतारडीह, भोला नगर, रेहवाघाट, कदमाडीह, घुटियाटांड़, मधुकनारी, भेड़मुक्का, गणेश मंदिर, तारा मंदिर, इंद्रपुरी धाम ढोरी बस्ती, कारो बस्ती, अमलो समेत अंगवाली, पिछरी, चलकरी आदि के शिवालयों में देर शाम तक पूजा के लिए भीड़ रही. शाम में फुसरो बाजार, करगली गेट, सुभाषनगर, जवाहरनगर, रामनगर, मकोली, नया रोड फुसरो, ढोरी बस्ती, रेहवाघाट, भोलानगर आदि के मंदिरों से शिव बरात गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी. इसमें भगवान शिव, औघड़, भूत पिशाच, वानर, नंदी सहित देवी-देवताओं की झांकियां शामिल थीं. बरात में शामिल महिला, पुरुष व बच्चे झूमते हुए चल रहे थे. क्षेत्र का भ्रमण करते हुए बरात मंदिर पहुंची. इसके बाद मंदिर में शिव-पार्वती विवाह सहित कई अनुष्ठान हुए. प्रसाद का वितरण भी किया गया.

गांधीनगर.

नागेश्वर नाथ शिव मंदिर कुरपनिया, बटेश्वर नाथ शिव मंदिर बारीग्राम, शिव मंदिर चलकरी कॉलोनी, शिव शक्ति शिव मंदिर संडे बाजार, खासमहल, फ्राइडे बाजार, चार नंबर, दामोदर नाथ शिव मंदिर जरीडीह बाजार आदि मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. कई मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा रुद्राभिषेक भी किया गया. नागेश्वर नाथ शिव मंदिर कुरपनिया, दामोदर नाथ शिव मंदिर जरीडीह बाजार, बटेश्वर नाथ शिव मंदिर बारीग्राम आदि से भी आकर्षक झांकियों के साथ शिव बरात निकली. कुरपनिया से निकली बरात गांधीनगर, बारीग्राम होते हुए संडे बाजार पहुंची. यहां सामाजिक संस्था गॉड इज वन के प्रधान कार्यालय में बरातियों का स्वागत किया गया और शरबत पिलायी गयी.

दुगदा.

दुगदा बस्ती स्थित शिव मंदिर से भगवान शिव, पार्वती, कार्तिक, गणेश, नंदी, भूत, प्रेत व आकर्षक झांकियों के साथ शिव बरात निकाली गयी. इसमें जिप सदस्य संतोष कुमार पांडेय, दुगदा थाना प्रभारी मनीष कुमार, दुगदा पूर्वी मुखिया रीतलाल रजक समेत कई श्रद्धालु शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >