बोकारो.
चास थाना क्षेत्र के तारानगर में शुक्रवार को बिल्डर विनोद सिंह से 50 लाख रंगदारी मांगने व आवास पर फायरिंग के मामले में चास पुलिस रेस हो गई है. इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम फायरिंग करने वाले दो युवकों की तलाश में विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं. पुलिस ने शनिवार को बिल्डर के आवास के पास से गोली का तीन खोखा व एक जिंदा गोली बरामद किया था. शनिवार को श्री सिंह के आवेदन पर प्राथमिक की दर्ज करने के बाद चास थाना इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम ने मामले की जांच स्वयं शुरू कर दी है. बिल्डर श्री सिंह ने पिंड्राजोरा में एक जमीन पर काम कर रहे दूसरे बिल्डर राजीव रंजन सिंह को मामले में आरोपी बनाया है.पुलिस टीम ने बिल्डर श्री सिंह के आवास व आवास के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है. इसके साथ ही पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में उल्लेखित नाम वाले व्यक्ति की भी तलाश में जुट गयी है. पिंड्राजोरा में श्री सिंह द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिक की भी छानबीन की जा रही है. यह भी पता करने की कोशिश की जा रही है की पिंड्राजोरा में दर्ज एफआइआर से इस मामले का क्या संबंध है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहकीकात को जल्दी अंजाम तक पहुंचा दिया जायेगा. मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
