बोकारो. डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स बोकारो की कोर कमेटी की बैठक बुधवार की देर शाम माउंट सियोन स्कूल, बोकारो स्टील सिटी में आयोजित की गयी. बैठक में कोर कमेटी के सदस्यों ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के गतिविधि कैलेंडर की समीक्षा की. इस दौरान आगामी सत्र में होने वाली विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों के सफल संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
बैठक की शुरुआत डॉ बी रीना ठाकुर, संयुक्त सचिव, डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स सह प्राचार्या, माउंट सियोन स्कूल के स्वागत संबोधन से हुई. उन्होंने बैठक में शामिल सभी सदस्यों का स्वागत किया.
गतिविधि कैलेंडर की हुई समीक्षा
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार गतिविधि कैलेंडर की विस्तृत समीक्षा की गयी. विभिन्न विद्यालयों में प्रस्तावित शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन, समय-सारिणी और उनके बेहतर संचालन को लेकर सदस्यों ने सुझाव रखे.
सदस्यों ने कहा कि गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए सहोदया से जुड़े विद्यालयों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है. इसके लिए आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया.
शैक्षणिक उत्कृष्टता और सहयोग पर जोर
बैठक में विद्यालयों के बीच सहयोगात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि साझा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराये जा सकते हैं. इसके लिए सभी संबंधित विद्यालयों के बीच समन्वित प्रयास जारी रखने पर सहमति बनी.
गुरु वशिष्ठ अवॉर्ड समारोह की सराहना
कोर कमेटी के सदस्यों ने गुरु वशिष्ठ अवॉर्ड समारोह-2026 के सफल आयोजन की भी सराहना की. सदस्यों ने समारोह के उत्कृष्ट आयोजन और संचालन के लिए फादर डॉ जोशी वर्गीस, कोषाध्यक्ष, डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स सह प्राचार्य, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 04एफ, बोकारो के प्रति आभार व्यक्त किया.
ये रहे मौजूद
बैठक में डॉ बिपुल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष, डॉ आमिर हुसैन, उपाध्यक्ष, जीएन खान, सचिव, एसके मिश्रा, कार्यकारिणी समिति सदस्य तथा नरमेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी प्राचार्य, चिन्मय विद्यालय समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में आगामी सत्र की गतिविधियों को बेहतर समन्वय और सहयोग के साथ संचालित करने पर जोर दिया गया.
