बोकारो.
डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार बोकारो के प्राचार्य, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों ने इस बार लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ ली है. साथ ही दूसरे शिक्षक, छात्र और अन्य मतदाताओं को जागरूक कर मतदान के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया. शनिवार को प्रभात खबर की ओर से स्कूल परिसर में ‘वोट करें, देश गढ़ें’ अभियान चलाया गया. इसमें सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों ने चुनाव के दिन अपने बूथ पर जाकर सबसे पहले मतदान करने का संकल्प लिया. कहा कि मतदान करना हर भारतीय का समान अधिकार है. इसलिए हमलोग शत-प्रतिशत मतदान कर अन्य मतदाताओं को जागरूक करने का काम करेंगे. चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाना सभी लोगों का कर्तव्य है. स्कूल के प्राचार्य एसएस कर ने कार्यक्रम में शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को मतदान की शपथ दिलायी. इसमें शिक्षक ललन कुमार सिन्हा, पीके पांडेय, एमएम सिंह, सम्पा गोस्वामी, श्वेता सिंह, सुभाष कुमार, बीके पंकज, ममता भगत, रूपम, मीनू तिवारी, प्रदीप भट्टाचार्य, अजय कुमार ढाल सहित अन्य मौजूद थे.देश में अच्छी सरकार बनाने में सभी योगदान दें :
प्राचार्य एसएस कर ने कहा कि सभी देशवासी को मतदान कर देश में अच्छी सरकार बनाने में योगदान देना चाहिए. इसलिए सभी लोग अपने बूथ पर जाकर सबसे पहले मतदान करें, उसके बाद ही दूसरा कोई काम करें. देश के हर मतदाता से आग्रह है की मतदान का प्रतिशत बढ़ा कर सही प्रत्याशी का चयन करने का नेक काम करें.ईमानदार छवि के प्रत्याशी का चयन जरूरी: ऑफिस इंचार्ज अजय कुमार ढाल ने कहा कि देश की राजनीति गलत दिशा में जा रही है, इसलिए हमलोगों को कर्मठ और ईमानदार छवि के प्रत्याशी का चुनाव करना होगा, तभी देश की दिशा और दशा बदलेगी. मतदान करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है. सभी को मतदान करना चाहिए. मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा, तभी समाज को अच्छा जनप्रतिनिधि मिलेगा.
लोकसभा चुनाव में पूरे उत्साह के साथ करेंगे मतदान :
शिक्षक सम्पा गोस्वामी ने कहा कि हमारे देश में लोगों को वोट का समान अधिकार दिया गया है. युवा देश के भविष्य हैं, इसलिए सभी युवाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए. वोट हमारा अधिकार है, इसलिए मतदान जरूर करेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
