चंदनकियारी, बोकारो : साइबर धोखाधड़ी गिरोह के खिलाफ पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जिला पुलिस ने चंदनकियारी में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है. साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की जांच में पुरुलिया और पड़ोसी झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कुल पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, साइबर पोर्टल पर 18 और 19 अगस्त को दो मामले दर्ज किये गये थे. जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खातों, एटीएम लेनदेन, मोबाइल लोकेशन और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर पुरुलिया टाउन से 19 वर्षीय आयुष सिन्हा को दो अगस्त को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और तकनीकी व वित्तीय जांच के आधार पर पुलिस ने चार अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया.
किराये के मकान से निकालते थे ठगी की रकम
जांच में पुलिस को पता चला कि कुछ आरोपी पुरुलिया शहर में मकान किराये पर लेकर विभिन्न एटीएम के जरिये साइबर अपराध से जुड़ी रकम निकालते थे. गिरफ्तार आरोपियों में पुरुलिया टाउन थाना क्षेत्र के 32 वर्षीय अंकित सिन्हा, पाड़ा थाना क्षेत्र के 24 वर्षीय रॉकी बाउरी, धनबाद के पुटकी बस्ती निवासी 24 वर्षीय संदीप कुमार बाउरी और चंदनकियारी निवासी 24 वर्षीय सूरज तिवारी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों, उनसे जुड़े बैंक खातों और धोखाधड़ी से प्राप्त रकम के प्रवाह का पता लगाने के साथ राशि की बरामदगी के लिए जांच जारी है.
