आयुष (आयुर्वेद, होम्योपैथ व योग) इलाज पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है. हालांकि बोकारो जिला में आयुष अस्पताल नहीं है, लेकिन जिला के सभी प्रखंडों के अस्पतालों में तैनात होम्योपैथ व आयुर्वेद चिकित्सक व योग प्रशिक्षक सेवा दे रहे हैं.
बीते आठ माह में 20 हजार से अधिक लोगों ने ओपीडी में आयुष पद्धति से इलाज कराया. लोगों को आयुष पद्धति से स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में जिला आयुष पदाधिकारी डॉ शिव शंकर पांडेय, सीएचओ डॉ आकाश, डॉ सुरभी, डॉ राजेश, डॉ रश्मी, डॉ मौसमी, डॉ माधुरी, डॉ अफसाना, डॉ आंबेडकर, डॉ आशीफ, डॉ उमेश, डॉ कंचन, डॉ अनुपमा की टीम सक्रिय है.
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया जा रहा स्वास्थ्य शिविर
लोगों की मांग पर आयुष विभाग की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है. आयुष विभाग की ओर से 12 चिन्हित आयुष ग्राम में शिविर लगाया गया और इसके माध्यम से 1249 लोगों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ पहुंचाया गया.
ये भी पढ़ें: लोमड़ी के हमले में घायल महिला की रिम्स में मौत, परिजनों ने मांगा 10 लाख रुपये मुआवजा
विभाग की ओर से चंदनकियारी, चास, गोमिया व नावाडीह के 12 गांवों को आयुष गांव में शामिल किया गया है. इसके अलावे आयुष विभाग की ओर से वृद्ध सेवा आश्रम सोलागीडीह व श्री अमर संस्कार कल्याण केंद्र के ओल्ड एज होम में भी शिविर लगाकर हर माह दो दर्जन से अधिक वृद्धों की सेवा की जा रही है.
क्या कहते हैं आमलोग
सेक्टर छह के मोतीलाल सिंह ने कहा कि शुरू से ही आयुर्वेदिक दवा का इस्तेमाल करता हूं. यह मेरे लिए फायदेमंद साबित होता रहा है. आयुष विभाग के संपर्क में रहता हूं. चीरा चास निवासी गीता कुमारी ने बताया कि सर्दी में मुझे अंग्रेजी दवा लाभ नहीं दे पाती है. ऐसे में शुरू से ही सर्दी के लिए होम्योपैथ दवा का इस्तेमाल करती रही हूं.
