Bokaro News : फुसरो में रामनवमी को लेकर तैयारी अंतिम चरण में

Bokaro News : रामनवमी को लेकर फुसरो शहर में तैयारी जोरशोर से चल रही है. सड़क के दोनों ओर महावीरी पताके लगाये गये हैं. जगह-जगह पर तोरण द्वार बनाये गये हैं.

फुसरो. रामनवमी को लेकर फुसरो शहर में तैयारी जोरशोर से चल रही है. सड़क के दोनों ओर महावीरी पताके लगाये गये हैं. जगह-जगह पर तोरण द्वार बनाये गये हैं. पूरे फुसरो बाजार को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है. भक्ति गीतों से क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. छह अप्रैल को विभिन्न अखाड़ा से फुसरो शहर में जुलूस व झांकी निकाली जायेगी. महावीर मंदिर भूतबंगला फुसरो, शिव शनि मंदिर पुराना बीडीओ ऑफिस, सुभाषनगर, जवाहरनगर, अमलो, पटेलनगर, आंबेडकर कॉलोनी आदि जगहों से जुलूस निकलेगा, जिसका मिलन केंद्रीय अखाड़ा समिति करगली बाजार में होगा. यहां बेहतर जुलूस, झांकी व साज सज्जा के लिए केंद्रीय अखाड़ा समिति की ओर से सम्मानित किया जायेगा.

महावीरी पताकों से पटा बाजार

इधर, बाजारों के अलावा चौक चौराहों में महावीरी पताकाें की दुकानें सज गयी हैं. पताकों के अलावा गमछा, टोपी की ब्रिकी हो रही है. बोकारो थर्मल में स्थायी दुकानों के अलावा मेन रोड के किनारे लगायी गयी अस्थायी दुकानों में कई तरह के महावीरी झंडे मिल रहे हैं. स्थानीय बाजार के कई मुस्लिम भाइयों द्वारा महावीरी झंडे वर्षों से बनाये जाते हैं, जो सौहार्द्र एवं भाईचारे को दर्शाता है.

साड़म में 62 अखाड़ों का होगा मिलन

ललपनिया. साड़म संतोषी माता मंदिर के निकट मैदान में 1008 रामनवमी महोत्सव के आयोजन की तैयारी को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई. महोत्सव के संरक्षक पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में रामनवमी महोत्सव शांति व सद्भाव के साथ मनाया जाता है. इसमें सभी धर्म के लोग शामिल होते हैं. महोत्सव में 62 अखाड़ों का मिलन होगा. पूरा साड़म क्षेत्र महावीरी पताका से पट गया है. महोत्सव में राम दरबार और बजरंगबली की भव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी. आयोजन की तैयारी में जिप सदस्य आकाश लाल सिंह, सूरज लाल सिंह, प्रकाश लाल सिंह, मुखिया शोभा देवी, उप मुखिया पंकज जैन, अजित कुमार सहाय, पूर्व मुखिया राम लखन प्रसाद, मोहन मुरारी चौधरी, राजेश भंडारी, सनत प्रसाद, किरण कुमार, विष्णु लाल सिंह, राम प्रसाद, बलराम पासवान, विजय राम, पंसस विष्णु लाल सिंह, चांदनी देवी, अनिल रवानी आदि लगे हैं.

कल दोपहर एक बजे से विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी

गोमिया. रामनवमी के मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर रविवार को अपराह्न एक बजे से गोमिया व कथारा विद्युत अवर प्रमंडल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी. उक्त जानकारी गोमिया व कथारा अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता राजेश विरवा ने दी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >