बोकारो. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चास थाना पुलिस ने अंसारी मोहल्ला कब्रिस्तान के समीप एक बंद चारदीवारी में संचालित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर बुधवार को छह लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने विधिवत घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया.
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से 36200 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, दो कॉपी, चार खुली ताश की गड्डियां, दो पैक ताश की गड्डियां व दो बैनर (जिन पर 01 से 09 तक अंक अंकित थे) बरामद किए गए. पुलिस ने मौके से सभी सामान जब्त कर लिया. कार्रवाई के दौरान चारदीवारी के बाहर खड़े 10 दोपहिया वाहनों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार इन वाहनों का इस्तेमाल जुआ खेलने आए लोगों द्वारा किया जा रहा था. इस संबंध में चास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध जुए के संचालन में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
