Bokaro News : सेक्टर-05 हटिया व सिटी सेंटर-04 में बहाल होगी पार्किंग की सुविधा,

Bokaro News : बीएसएल के नगर प्रशासन विभाग की पहल से लोगों को जाम की समस्या से मिलेगी निजात

Bokaro News : बोकारोवासियों को सेक्टर-05 हटिया व सिटी सेंटर-04 में लगने वाले जाम की समस्या से जल्द निजात मिलेगी. बोकारो स्टील प्रबंधन की ओर से सेक्टर पांच हटिया के पास 8,000 स्क्वायर मीटर का पार्किंग स्थल लगभग बनकर तैयार है. सेक्टर-05 हटिया में अगस्त से पार्किंग की सुविधा बहाल होगी. प्रति दो घंटों के लिए पार्किंग दर निर्धारित कर दी गयी है. पार्किंग स्थल का उद्घाटन जल्द होगा.

वहीं प्रबंधन की ओर से पुराने व नये सिटी सेंटर में 10-10 हजार स्क्वायर मीटर के दो पार्किंग स्टैंड बनाये जायेंगे. पार्किंग के लिए स्थल की मैपिंग व टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. नगर प्रशासन-भूमि अभिलेख व आवंटन विभाग की इस सार्थक पहल से शहरवासियों को राहत मिलेगी. बीएसएल-नगर प्रशासन (लैंड एंड एसेट्स) के महाप्रबंधक एके सिंह का प्रयास धरातल पर उतर रहा है.

सेक्टर 5 हटिया में प्रत्येक दो घंटों के लिए पार्किंग दर निर्धारित :

सेक्टर-05 हटिया का संचालन केवल सोमवार, बुधवार व शनिवार को ही नियमित रूप से किया जा रहा है. शेष दिनों में किसी भी विक्रेता को सब्ज़ी, फल या मछली आदि बेचने की अनुमति नहीं होगी. नगर प्रशासन की ओर से बुधवार को सेक्टर-05 हटिया में माइकिंग कर पार्किंग सुविधा की जानकारी दी गयी. सभी आमजन व फल-सब्जी विक्रेताओं को सूचित किया गया कि सेक्टर-05 हटिया में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पार्किंग का ठेका शुरू कर दिया गया है. प्रति दो घंटों के लिए पार्किंग दर निर्धारित कर दी गयी है. इसके तहत बस ₹30, कार/ऑटो ₹10, मोटरसाइकिल व स्कूटर ₹5, साइकिल ₹2 पार्किंग दर प्रति 2 घंटों के लिए निर्धारित की गयी है.

पार्किंग स्थल पर किसी विक्रेता का सामान पाया गया, तो होगी कार्रवाई :

बीएसएल प्रबंधन की ओर से सेक्टर-05 हटिया के सभी सब्जी, फल व फूल विक्रेताओं से अपील की गयी है कि निर्धारित पार्किंग स्थल पर अपना सामान नहीं रखें. यदि पार्किंग स्थल पर किसी विक्रेता का सामान पाया गया, तो उचित कार्रवाई की जायेगी. हटिया में दुकानदारों के बैठने के लिए निर्धारित शुल्क 40 रुपये प्रति दिन पर उन्हें 3 मीटर गुणा 3 मीटर या 30 रुपये प्रति दिन शुल्क पर 3 मीटर गुणा 2 मीटर का स्थान उपलब्ध कराया जायेगा. ठेला संचालकों को निर्धारित दर 20 रुपये प्रतिदिन पर स्थान दिया जायेगा. सेक्टर पांच हटिया के दुकानदारों को दुकान संचालन के लिए अस्थायी तौर पर विद्युत कनेक्शन भी दिया जायेगा, जिसका भुगतान उन्हें करना पड़ेगा. एजेंसी सुनिश्चित करेगी कि अवैध निर्माण या अतिक्रमण न हो.

सिटी सेंटर में बेतरतीब दोपहिया व चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं वाहन मालिक :

दूसरी, ओर अभी सिटी सेंटर सेक्टर चार में पार्किंग स्थल नहीं है. इस कारण, बाजार में हर दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है. खासकर, शाम में बाजार में पैदल चलना भी कठिन हो जाता है. अभी सिटी सेंटर में लोग बेतरतीब दोपहिया व चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं. अब यहां दो पार्किंग स्टैंड बनने जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी. प्रबंधन की ओर से पुराने व नये सिटी सेंटर में 10-10 हजार स्क्वायर मीटर के दो पार्किंग स्टैंड बनाये जायेंगे. पार्किंग के लिए स्थल की मैपिंग व टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. सेक्टर-05 हटिया के बाद सिटी सेंटर-04 में दो नये पार्किंग स्टैंड की सुविधा बहाल होगी, जिसका इंतजार दुकानदार व खरीदार कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >