Bokaro News : 25 हजार की सुपारी देकर करायी पेंटर की हत्या
Bokaro News : बेरमो पुलिस ने पेंटर हत्याकांड की गुत्थी सुलझायी, दो गिरफ्तार
Bokaro News : प्रतिनिधि, तेनुघाट. बेरमो पुलिस ने हजारीबाग के मोईउद्दीन अंसारी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने शुक्रवार को तेनुघाट कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि गोमिया में पिछले दिनों पेंटर मोईउद्दीन अंसारी की हत्या के दो आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पेंटर की हत्या 25 हजार की सुपारी देकर करायी गयी थी. मालूम हो कि पेंटर की हत्या 15 अप्रैल की रात्रि हुई थी. 16 अप्रैल को मृतक के भतीजा मो तबारक अंसारी ने गोमिया थाना में लिखित आवेदन दिया था कि उनके चाचा मोईउद्दीन अंसारी, ग्राम पिपचो, थाना दारू, जिला हजारीबाग की हत्या की गयी है. इसके आधार पर कांड संख्या 66/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. एसपी के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो वशिष्ठ नारायण सिंह के निर्देश में एसआइटी का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. हत्या की वजह दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने का विवाद बताया गया.
पेंटिग के दौरान दुकानदारी होती थी प्रभावित, मछली दुकानदार को थी खुन्नस :
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक की दुकान के सामने पेंट कराने के लिए वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद था. इससे बगल की मछली दुकान प्रभावित हो रही थी. इसी विवाद के चलते धनराज श्रीवास्तव ने 25हजार रुपये का लालच देकर अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा से मो मोईउद्दीन की हत्या करा दी. अर्जुन ने लकड़ी के फट्टा से मार कर मोईउद्दीन की हत्या कर दी. गिरफ्तार अभियुक्तों में अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा( 24 वर्ष), पिता प्रेम तिवारी, निवासी देवीपुर मेलाटांड़, थाना गोमिया, जिला बोकारो एवं धनराज श्रीवास्तव( 42 वर्ष), पिता स्व भरत लाल श्रीवास्तव, निवासी गवर्नमेंट कॉलोनी, थाना आइइएल, जिला बोकारो शामिल हैं. पुलिस के अनुसार धनराज का पहले से चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड है. पुलिस ने अर्जुन तिवारी के पास से मोबाइल फोन तथा धनराज श्रीवास्तव के पास से कार( JH09AE7448) के अलावा घटनास्थल से खून लगी लकड़ी का फट्टा बरामद किया है. छापामारी दल में गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, आइइएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, पुअनि मनोज कुमार, पुअनि अरुण कुमार, पुअनि बिरसा बाड़ा सअनि अखिलेश कुमार सहित गोमिया थाना रिजर्व गार्ड और आइइएल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.