हरला थाना क्षेत्र स्थित बरवाघाट चेकडैम में मंगलवार दोपहर नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. तीन किशोर गहरे पानी में डूब गये. इनमें से आजाद नगर निवासी 15 वर्षीय विष्णुकांत कुमार की मौत हो गयी, जबकि बीएसएल एलएच स्ट्रीट 10 का रहनेवाला शौर्य कुमार उर्फ शनि कुमार अब भी लापता है. एक अन्य किशोर सेक्टर दो के रवि कुमार को एक युवक ने बचा लिया. स्थानीय ग्रामीणों ने विष्णुकांत का शव पानी से निकाला. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये.
शौर्य की तलाश में खेतको के प्रशिक्षित गोताखोर लगे
लापता शौर्य को ढूंढने के लिए खेतको के गोताखोरों को बुलाया गया. पानी का बहाव अधिक होने के कारण खोजने में परेशानी हो रही है. इधर, सूचना मिलने पर तीनों किशोरों के परिजन भी वहां पहुंच गये. विष्णुकांत और शौर्य के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि वह रितुडीह के मिड प्वाइंट स्कूल का विद्यार्थी है. विष्णुकांत और शौर्य भी वहीं पढ़ते थे. बताया कि तीनों बरवाघाट स्कूटी से नहाने आये थे. वे लोग शैंपू लगाकर पानी में उतरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान तीनों के पैर फिसल गये. विष्णुकांत और शौर्य गहरे पानी में चले गये. घाट के किनारे स्नान कर रहे एक युवक ने रवि को खींचकर बचा लिया. इसके बाद घाट पर स्नान कर रहे अन्य लोगों ने दोनों को खोजना शुरू किया.
