बोकारो का लापता नाबालिग ओडिशा से बरामद: अपहरण नहीं, ‘जॉयराइड’ पर निकला था बालक

Missing Minor In Bokaro: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र से गायब नाबालिग ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद हुआ है. पूछताछ में पता चला है कि बालक का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि वह तो घूमने के शौक में घर से निकला था. पढ़ें, कैसे पुलिस ने ढूंढ निकाला.

बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट

Missing Minor In Bokaro, बोकारो : बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र से छह जून को ट्यूशन पढ़ने के दौरान अचानक गायब हुए एक नाबालिग को पुलिस ने ओडिशा से सकुशल बरामद कर लिया है. शुक्रवार को जब पुलिस टीम उसे लेकर बोकारो पहुंची, तो परिजनों ने राहत की सांस ली. मामले की पड़ताल में जो सच सामने आया, वह हैरान करने वाला था. जिस घटना को लेकर परिवार और पुलिस दोनों चिंतित थे, वह अपहरण नहीं बल्कि नाबालिग द्वारा खुद की मर्जी से की गई लंबी यात्रा निकली. बालक स्टेशन दर स्टेशन ट्रेनें बदलता रहा और अंततः ओडिशा के पुरी पहुंच गया था.

तकनीकी सेल बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत

मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार व सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि छह जून को गोपाल भगत ने अपने नाबालिग नाती के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद थाना कांड संख्या 101/26 दर्ज कर तत्काल चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. इन टीमों में इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रदेव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नित्यानंद भोक्ता व पुलिस अवर निरीक्षक फागू राम उरांव शामिल थे. पुलिस ने अपनी जांच को धार देने के लिए टेक्निकल सेल और विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया, जो इस पूरे ऑपरेशन में गेम चेंजर साबित हुआ.

Also Read: गोड्डा: नेताओं से भरोसा उठा तो खुद संभाला मोर्चा, चंदा जुटाकर 2 साल से बंद जलमीनार किया चालू

ट्रेन बदल-बदल कर ऐसे पुलिस को चकमा देता रहा बालक

सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुलिस को पता चला कि नाबालिग घर से निकलने के बाद पहले बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर मूरी चला गया. मूरी में कुछ समय बिताने के बाद वह वापस बोकारो लौटा, लेकिन फिर बिना घर गए धनबाद की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठ गया. अगले दिन धनबाद से उसने एक और ट्रेन पकड़ी और फिर बिहार के गया होते हुए लंबी यात्रा तय कर ओडिशा के पुरी पहुंच गया. पुलिस की टीम बोकारो, मूरी, धनबाद, चंद्रपुरा, गोमो और गया तक उसका पीछा करती रही. आखिरकार पुलिस ने उसे पुरी से खोज निकाला और उसे बरामद कर सुरक्षित बोकारो ले आई.

अभिभावकों को दी गई सतर्कता बरतने की सलाह

पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि वह घूमने की नियत से बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. इस सफल बरामदगी को बोकारो पुलिस ने अपनी एक बड़ी कामयाबी माना है. वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस घटना के बाद सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आजकल के बच्चे सोशल मीडिया या घूमने के रोमांच में बिना सोचे-समझे घर से निकल जाते हैं, ऐसे में परिवार का बच्चों के साथ निरंतर संवाद में रहना और उनकी गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है.

Also Read: शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम बना झारखंड का नंबर वन, मई 2026 की रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >