Bokaro News : बोकारो जिला में 31.69 % मतदाताओं की नहीं हो पायी मैपिंग

Bokaro News : बोकारो जिला में 31.69 % मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पायी है.

राज्य में मतदाता सूची के होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत मैपिंग स्थिति की विधानसभा वार सूची जारी की गयी है. इसके अनुसार बोकारो जिला में 15,33,943 मतदाताओं में से 486030 की मैपिंग (मिलान) वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पायी है. यह कुल मतदाताओं का 31.69 प्रतिशत है. सबसे खराब स्थित बोकारो विधानसभा क्षेत्र की है. यहां मात्र 52.82 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हुई है. बोकारो विस क्षेत्र में 596739 मतदाता हैं, इनमें से 315211 मतदाताओं की मैपिंग हुई है. बेरमो विस क्षेत्र में 72.48 प्रतिशत की मैपिंग हुई है. यहां 331481 मतदाता हैं, इनमें से 240273 की मैपिंग हुई है. गोमिया व चंदनकियारी विस क्षेत्र में मैपिंग का प्रतिशत सबसे अधिक है. गोमिया विस में 319678 मतदाता हैं. इनमें से 262104 मतदाताओं की मैपिंग हो गयी है. यह 81.99 प्रतिशत है. 57574 की मैपिंग नहीं हुई है. चंदनकियारी विस क्षेत्र में 286045 मतदाता हैं. इनमें से 230325 की मैपिंग हुई है और 55720 मतदाता की मैपिंग नहीं हुई है. यहां 80.52 प्रतिशत मैपिंग हुई है.

विभागीय जानकारों की माने तो मैपिंग के मामले में ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति संतोषजनक है. जबकि, शहरी क्षेत्र में स्थिति औसतन खराब है. बोकारो विधानसभा का उदाहरण देते हुए बताया कि सेक्टर क्षेत्र व निगम क्षेत्र में कई परिवार बाहर शिफ्ट हो गये हैं. कई घरों में एक बुजुर्ग ही मिलते हैं. जिला में एक लाख के करीब मतदाता शिफ्ट, डेथ, डुप्लीकेट के हिसाब से मैपिंग से बाहर हो गये हैं. इनमें ज्यादा हिस्सा शहरी क्षेत्र का है. विभिन्न पीएसयू से लोग रिटायर कर दूसरे जगह बस गये हैं. बेरमो विस में इसका असर दिखा है.

अब आगे क्या

विभागीय जानकारों की माने तो सभी बूथों पर मैपिंग संबंधित लिस्ट मौजूद है. मतदाता उसमें अपना नाम देख सकते हैं व बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग करा सकते हैं. जिला में 1600 से अधिक बीएलओ को विशेष अभियान में लगाया गया है. जिन मतदाताओं का नाम उक्त सूची में नहीं है, उन्हें एसआइआर में किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं देना होगा. अनमैप्ड सूची में नाम हाेने पर एसआइआर के दौरान निर्धारित 11 दस्तावेज में से कोई एक दस्तावेज देना होगा. अभी भी बीएलओ से संपर्क कर वर्ष 2003 की मतदाता सूची से अपनी मैपिंग करा सकते हैं.

क्या है एसआइआर

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी विशेष गहन पुनरीक्षण एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जाता है. इसमें मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने व पात्र नये मतदाताओं के नाम जोड़ने का काम होता है. इससे चुनावी प्रक्रिया को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलती है.

एक नजर में एसआइआर का कार्यक्रम

तैयारी और प्रशिक्षण: 20 जून से 29 जून

घर-घर सत्यापन: 30 जून से 29 जुलाई

ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशन: 05 अगस्त

दावा और आपत्ति अवधि: 05 अगस्त से 04 सितंबर

दावा-आपत्ति निपटारा: 03 अक्टूबर तक

अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन: 07 अक्टूबर 2026

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >