संवाददाता, बोकारो
समाहरणालय कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को ‘हम आपको सुनते हैं...’(लोक संवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने व्यक्तिगत व जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर 37 आवेदन दिये. सभी आवेदकों की समस्याओं को डीसी अजय नाथ झा ने सुना. आवेदनों को संबंधित विभाग को अग्रसारित कर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निष्पादन के लिए दिशा-निर्देश दिये गये.
भूमि एवं राजस्व, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, विद्युत, आवास, सड़क तथा अन्य जनहित से जुड़े विषय पर आवेदन मिला. डीसी अजय नाथ झा ने कहा : ‘हम आपको सुनते हैं...’ कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. वहीं, शासन-प्रशासन व नागरिकों के बीच संवाद-विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना है.
मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आइएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीपीआरओ रवि कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.
