बोकारो. रक्षाबंधन के पर्व को यादगार बनाने और बच्चों में रचनात्मकता के साथ भारतीय डाक सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डाक विभाग की ओर से जल्द ही 'राखी बनाओ और डाक से भेजो' प्रतियोगिता शुरू की जाएगी. प्रतियोगिता में बोकारो जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.
बच्चे अपने हाथों से बनाई गई राखी स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने भाई, बहन या अन्य प्रियजनों तक भेज सकेंगे.डाक विभाग का मानना है कि डिजिटल दौर में भी अपने हाथों से बनाई गई राखी का भावनात्मक महत्व बना हुआ है. यह प्रतियोगिता बच्चों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और डाक सेवा की उपयोगिता से जोड़ने का माध्यम बनेगी.
विभाग ने सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. रक्षाबंधन पर अपने हाथों से बनाई गई राखी जब डाक विभाग के माध्यम से अपनों तक पहुंचेगी, तो उसके साथ स्नेह, अपनापन और रिश्तों की मिठास भी पहुंचेगी. 70 रुपये में मिलेगी पूरी सुविधा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 70 रुपये का प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है. इसमें 10 रुपये का विशेष वॉटरप्रूफ राखी लिफाफा, 55 रुपये का स्पीड पोस्ट शुल्क तथा 5 रुपये प्रबंधन शुल्क शामिल है. प्रतिभागियों को विभाग की ओर से विशेष राखी लिफाफा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे राखी सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंच सके. स्वनिर्मित और आकर्षक राखी को मिलेगी प्राथमिकता प्रतियोगिता में बच्चों को अपने हाथों से मौलिक और आकर्षक राखी तैयार करनी होगी. राखी को विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए वॉटरप्रूफ लिफाफे में पैक कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा. प्रतियोगिता की अंतिम तिथि की जानकारी संबंधित विद्यालयों को अलग से उपलब्ध कराई जाएगी. मेधावी प्रतिभागियों को मिलेगा सम्मान डाक विभाग की ओर से प्रत्येक विद्यालय के 10 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा. वहीं चयनित 10 विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें भारतीय डाक सेवा से जोड़ना है.
क्या कहते हैं सहायक डाक अधीक्षक सहायक डाक अधीक्षक अनुप कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित होने वाली 'राखी बनाओ और डाक से भेजो' प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय डाक सेवा से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि बच्चे अपने हाथों से बनाई गई राखी स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने भाई-बहनों और प्रियजनों तक भेजेंगे, जिससे रिश्तों में स्नेह और अपनापन का संदेश पहुंचेगा. प्रतियोगिता में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों से संपर्क किया जा रहा है. प्रत्येक विद्यालय के 10 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र तथा चयनित विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने बोकारो के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस अनूठी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.
