चास में 3 करोड़ की लागत से बनी सड़क बदहाल, साढ़े आठ किमी मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे

बोकारो में 3 करोड़ की लागत से बनी साढ़े आठ किलोमीटर सड़क जर्जर हो गई है. चास-धनबाद मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढों से ग्रामीण और राहगीर परेशान हैं. सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं.

बोकारो. चास-धनबाद मुख्य मार्ग पर कालापत्थर गांव के पानीटंकी मोड़ से डुमरदाहा गांव तक बनी करीब साढ़े आठ किलोमीटर सड़क जर्जर हो चुकी है. ग्रामीण कार्य विभाग से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं.

बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ जाती है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं.

गड्ढों में तब्दील सड़क

इस सड़क से कालापत्थर, सियालगजरा, रजकटोला, भुईयाडीह, कुम्हरी, मोदीडीह, ब्राह्मण द्वारिका और डुमरदाहा समेत आसपास के कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं. सड़क की खराब स्थिति से हजारों ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश में गड्ढों में भर जाता है पानी

ग्रामीणों का कहना है कि सूखे मौसम में लोग किसी तरह गड्ढों से बचकर आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर समझना मुश्किल हो जाता है.

जर्जर सड़क

दोपहिया और तीन पहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है. रात के समय सड़क पर पर्याप्त दृश्यता नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग गड्ढों में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं.

मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय मुखिया दिनेश कुमार रजक, पंचायत समिति सदस्य मनपुरण रजक, प्रेमानंद महतो, स्वदेश खवास, मोहन गोराई, तुलसी महतो, सपन दत्ता और गुलाम अंसारी समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति से संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो आसपास के सभी गांवों के लोग एकजुट होकर आंदोलन करेंगे.

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

जिला परिषद सदस्य रिम्पा चक्रवर्ती ने सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हुआ, जिसके कारण करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क कुछ ही समय में जर्जर हो गयी.

ये भी पढ़ें: बोकारो में केबल और कॉपर तार चोरी के खिलाफ कार्रवाई, सेक्टर-4 में आरोपी गिरफ्तार; सामान बरामद

उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति का मुद्दा जिला परिषद की बैठकों में कई बार उठाया गया है और निर्माण कार्य की जांच की मांग भी की गयी है. उन्होंने वर्तमान में जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत कराने के साथ निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग की.

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. ऐसे में इसकी जल्द मरम्मत नहीं होने पर आवागमन की समस्या और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >