Bokaro News : बोकारो ट्रेजरी घोटाला में जांच तेज

Bokaro News : करोड़ों रुपये के बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच तेज हो गयी है.

करोड़ों रुपये के बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच तेज हो गयी है. राज्य सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम रांची से बोकारो पहुंची. टीम ने उपलब्ध दस्तावेजों की गहन समीक्षा की और बाद में बोकारो परिसदन में उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में डीसी अजय नाथ झा, एसपी नाथु सिंह मीणा, एसी मुमताज अंसारी, डीडीसी शताब्दी मजूमदार समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे. जांच टीम वर्ष 2022 से अब तक के सभी भुगतान वाउचर, बिल, आवंटन पत्र और बैंक स्टेटमेंट की जांच कर रही है. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि किस मद में कितनी राशि निकाली गयी और भुगतान किन लोगों को किया गया. संदिग्ध लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को अलग कर चिह्नित किया जा रहा है.

उत्पाद विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल ने कहा कि जांच को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे गये थे, जिनमें से लगभग सभी उपलब्ध करा दिये गये हैं. करीब चार से पांच हजार पेज के दस्तावेजों का गहन अध्ययन किया जा रहा है. ट्रेजरी विभाग, एसपी कार्यालय और अन्य संबंधित कार्यालयों के अधिकारियों से भी जानकारी ली जा रही है. सभी दस्तावेजों की सर्टिफाइड कॉपी अध्ययन के लिए रांची ले जायी गयी है. आवश्यकता पड़ने पर टीम दोबारा बोकारो आयेगी. उन्होंने कहा कि ट्रेजरी कोड, फाइनेंशियल डिपार्टमेंट समेत तीन-चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर यह जांच की जा रही है कि कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ. जांच टीम में उप महालेखाकार भार्गव राम ख्याति, उप सचिव वित्त विभाग ज्योति कुमारी झा, अवर सचिव वित्त विभाग कपिल देव पंडित, वरीय निदेशक आइटी ओमरेश प्रसाद सिन्हा, सहायक निदेशक एनआइसी रांची गौरव कुमार शामिल थे.

एसपी कार्यालय व ट्रेजरी का टीम ने किया निरीक्षण :

टीम ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष और सामान्य शाखा का निरीक्षण किया. इसके अलावा बोकारो ट्रेजरी में विपत्र प्राप्ति समेत विभिन्न कमरों का भी जायजा लिया गया. जांच के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराये. निरीक्षण के समय प्रशाखा पदाधिकारी खिरोद सिंह मुंडा, राज्य कर सहायक आयुक्त विकास कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अनिमेश गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन, कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद्र उरांव, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे, शाखा प्रबंधक गौरव कुमार, सर्जेंट मेजर प्रणव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

जांच में ये दस्तावेज शामिल

-स्वीकृत व कार्यरत बल का विवरण

-बजट एवं आवंटन संचिका

-जिला बल पंजी

-मस्टर रोल पंजी

-वेतन ज्ञापन व विपत्र पंजी

-स्थापना मद से संबंधित अभिलेख

-निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी तथा लिपिकों का विवरण

-अस्थायी पहचान संख्या (टेंपरेरी आइडी) से जुड़े दस्तावेज

-भुगतान एवं बैंक खाता विवरण

-सेवानिवृत्त कर्मियों और सामान्य भविष्य निधि से संबंधित अभिलेख

-नवनियुक्त एवं विरमित कर्मियों का विवरण

-कर्मचारी मास्टर डाटा से संबंधित बैंक खातों की सूची

-उच्च वेतन खातों का लेन-देन और विपत्रवार विवरण

-एसपी कार्यालय और ट्रेजरी का भी किया निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >