बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि ट्रेजरी से पुलिस विभाग के लेखापाल द्वारा करोड़ों रुपये की अवैध निकासी किये जाने के मामले पर जिला प्रशासन द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है. गुरुवार को समाहरणालय कार्यालय में प्रेस से बात करते हुए कहा कि कोषागार के निरीक्षण के दौरान अवैध निकासी की राशि अधिक होने के संकेत मिले हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुलिस विभाग के लेखापाल द्वारा राम नरेश सिंह, उपेंद्र सिंह, एस कुमार आदि के नाम पर भी राशि की अवैध निकासी की गयी है. वर्ष 2016 से ही इस मामले की जांच जारी है. चूंकि यह मामला पुलिस अनुसंधान के अधीन है, इसलिए जांच पूरी होने के बाद ही सटीक जानकारी सार्वजनिक की जायेगी. इस मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. मामले की जांच के लिए डीडीसी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर भी एक जांच टीम गठित की गयी है. जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद सभी तथ्यों को पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जायेगा. मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद उरांव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे.
Bokaro News : लेखापाल ने कई और लोगों के नाम पर की अवैध निकासी
Bokaro News : बोकारो में लेखापाल ने कई और लोगों के नाम पर अवैध निकासी की है.
