Bokaro News : मृत कर्मियों के आश्रितों को नियोजन देने की मांग
Bokaro News : बोकारो मृत कर्मचारी आश्रित संघ की बैठक टू-टैंक गार्डन में हुई.
बोकारो मृत कर्मचारी आश्रित संघ की बैठक टू-टैंक गार्डन में हुई. अध्यक्षता सनी देओल व संचालन अशोक कुमार ने किया. वक्ताओं ने कहा कि प्रबंधन टाल-मटोल की नीति को छोड़ कर आश्रितों को नियोजन देने को लेकर सकारात्मक पहल करें. आश्रित बीएसएल में प्रशिक्षण प्राप्त कर नियोजन पाना चाहते हैं. प्रबंधन से कई बार वार्ता हो चुकी है. लेकिन, प्रबंधन का रवैया उदासीन है. इससे आश्रितों में रोष है. बोकारो स्टील प्लांट में कुशल मजदूरों की आवश्यकता है. अगर प्रबंधन अपनी बातों से मुकरता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन की घोषणा की जायेगी. बैठक में सलाम एहसान, शिवनारायण, सतीश रजवार, जितेन्द्र, राम प्रवेश, धवराज, बबीता, सोहन, धनिलाल, मीना, बासमती, दीप्ति आदि उपस्थित थे.
स्थानांतरित होकर बीएसएल में आये कर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार नहीं करने की मांग
बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ-बीएकेएस की ओर से बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर सेल की दूसरी यूनिट से स्थानांतरित होकर बीएसएल में आये कर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार नहीं करने की मांग गयी है. कहा कि वर्तमान में कहने के लिए हजारों की संख्या में आवास उपलब्ध हैं. इसके बाद भी पात्र कर्मियों को मनचाहा आवास नहीं देना गंभीर प्रश्न है. स्थानांतरित होकर आये कर्मियों के आवास आवंटन के प्रति आवास आवंटन अनुभाग गैर जिम्मेदार रवैया अपनाये हुए है. ये कर्मी वर्षों की सेवा देने के बाद आये हैं. उनके लिए आवास आवंटन में कोई भी प्रावधान नहीं होने के कारण नये नियुक्त कर्मियों के जैसा मनचाहा आवास आवंटन के लिए भटक रहे हैं. ऐसे सैकड़ों कर्मी डैमेज ब्लॉक में भी रह रहे हैं. यूनियन के महासचिव हरिओम ने कहा कि बीएसएल डायरेक्टर इंचार्ज को इस विषय पर त्वरित संज्ञान लेकर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए.