चास प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की मासिक बैठक हुई. समिति के सदस्यों ने लगभग छह महीने तक बैठक नहीं होने पर नाराजगी जतायी. बैठक के दौरान सभी समिति सदस्यों ने अपने अपने पंचायत के समस्याओं को रखा. बैठक में बिजली और पानी का मुद्दा छाया रहा. पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं पर चर्चा भी हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड प्रमुख बेला देवी ने सभी सदस्यों को अपनी-अपनी पंचायत की जरूरी योजनाओं की सूची बना कर जमा करने को कहा. प्रमुख ने कहा कि बैठक में ज्यादातर विभागों के पदाधिकारी उपस्थित नहीं होते हैं. इसके कारण पंचायतों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाता है. इस संबंध में सभी पंचायत समिति सदस्य संयुक्त रूप से उपायुक्त को लिखित शिकायत करेंगे. उप प्रमुख मोहन कुमार चक्रवर्ती ने सभी पंचायत में लाइट लगाने की मांग की. गर्मी को देखते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारी को सभी जलस्रोतों की मरम्मत करने का निर्देश गया. कहा कि सभी पंचायतों में समान रूप से योजनाएं दी जायेंगी.
पंचायतों के विकास पर खर्च किये जायेंगे 2.65 करोड़
बीडीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि टाइड और अनटाइड योजना के तहत चास प्रखंड की पंचायतों के विकास कार्य पर 2.65 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. टाइड योजना के तहत कूप व चापाकल मरम्मत और नाली, शौचालय और स्नान घाट का निर्माण करना है. अनटाइड योजना में पीसीसी, पेवर ब्लॉक, गार्डवाल, चबूतरा का निर्माण करना है. हर पंचायत में योजना देने की तैयारी है. पंचायतों में चल रही पूर्व की सभी योजनाओं की समीक्षा की गयी और एक महीना के अंदर सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया.
