उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में विभिन्न विभागों से संबंधित उच्च न्यायालय के अवमानना के 33 लंबित वादों की समीक्षा की. संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. डीडीसी शताब्दी मजूमदार को निर्देश दिया कि ऐसे वादों की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक 15 दिन पर नियमित रूप से की जाये.
समय पर एसओएफ दाखिल करने को कहा
उपायुक्त कहा कि न्यायालय से जुड़े मामलों में लापरवाही व सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने स्टेटमेंट ऑफ फैक्ट (एसओएफ) दाखिल करने में हो रही देरी पर चिंता जतायी और कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय में एसओएफ दाखिल करना सुनिश्चित करें. बैठक में सभी विभागीय पदाधिकारी ने अपने-अपने मामलों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की. इस क्रम में अवमानना के अतिरिक्त विभिन्न विभागों से संबंधित 136 मामले लंबित पाये गये. मौके पर अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, प्रभारी पदाधिकारी (विधि शाखा) शालिनी खालको, विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे.
