Bokaro News : गोमिया में हजारीबाग के पेंटर की हत्या, कुर्सी पर रखा था रक्तरंजित शव

Bokaro News : सिर व कान पर गहरे जख्म मिले, खून सनी लकड़ी बरामद

Bokaro News :गोमिया थाना क्षेत्र के धुर्वा मोड़ स्थित एक किराए के मकान के पीछे गुरुवार को पेंटर मो मोइनुद्दीन उर्फ गंदौरी (58) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जतायी जा रही है. मृतक हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपचो गांव का रहने वाला था और पिछले 30 वर्षों से गोमिया में रहकर पेंटिंग का काम करता था. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी एक लकड़ी बरामद की है.

सबसे पहले दुकानदार की पड़ी नजर

गुरुवार सुबह बगल के दुकानदार बाबूलाल मीट वाले दुकान खोलने पहुंचे. वहां कोई हलचल नहीं होने पर जब वे पीछे गये, तो मोइनुद्दीन का शव एक टूटी कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला. शव के सिर और कान पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था. घटना बुधवार देर रात की बतायी जा रही है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. अब तक की जांच में दुकान से कोई सामान गायब नहीं मिला है. मृतक की किसी से दुश्मनी या विवाद की बात भी सामने नहीं आयी है. पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन मिला है. टेक्निकल सेल की मदद से कॉल डिटेल निकाला जा रहा है. आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने से जांच प्रभावित हो रही है.

मिलनसार स्वभाव का था मोइनुद्दीन

पड़ोसियों के अनुसार मो मोइनुद्दीन का व्यवहार मिलनसार था. आसपास दुकानें हैं, जहां लोग सुबह ही पहुंचते हैं. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है. अंचल अधिकारी आफताब आलम भी गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >