Bokaro News : 15 दिन में सौंपनी थी रिपोर्ट, डेढ़ माह बाद भी नहीं सौंपी

Bokaro News : बोकारो डीसी को 15 दिन में सौंपनी थी रिपोर्ट, डेढ़ माह बाद भी नहीं सौंपी.

भतुआ क्षेत्र में बालू और मिट्टी माफिया पर नकेल कसने को लेकर डीसी ने 18 फरवरी को एक समिति बनायी थी. समिति को 15 दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था. लेकिन 1.5 माह से अधिक समय बाद भी समिति ने रिपोर्ट जमा नहीं की. मालूम हो कि 16 फरवरी को प्राप्त प्रतिवेदन में भतुआ क्षेत्र में अवैध खनन व अतिक्रमण की पुष्टि की गयी थी. इससे पहले 10 जनवरी को वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा भी भतुआ में अवैध उत्खनन व परिवहन की सूचना दी गयी थी. इसके बाद डीसी ने डीएफओ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की थी. समिति में निदेशक डीपीएलआर, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, नगर पुलिस उपाधीक्षक व बीएसएल प्रबंधन की ओर से नामित सदस्य को शामिल किया गया था. समिति को निर्देश दिया गया था कि क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनन व अतिक्रमण पर रोक लगायी जाये.

बताते चलें कि 17 फरवरी को भतूआ में दामोदर नद के समीप छापामारी की गयी थी. उक्त स्थल से लगभग 166400 घनफीट मिट्टी व लगभग 221862 घनफीट बालू के अवैध उत्खनन किये जाने की बात सामने आयी थी. इससे पहले भी उक्त जगह पर भारी पैमाने पर बालू उठाव का साक्ष्य मिला. 22 अप्रैल 2024 को जब बीएसएल व जिला खनन विभाग की टीम उक्त जगह पर कार्रवाई करने पहुंची थी, तब टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया था.

जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध खनन होता है. सिर्फ भतुआ हीं नहीं, बल्कि दामोदर नद के लगभग हर तट से बालू का उठाव होता है. हाल के दिनों में बालू के साथ-साथ मिट्टी का कटाव भी इन क्षेत्र से भारी पैमाने पर देखा जा सकता है. जिला में होसिर-10.86 हेक्टेयर, होसिर (डेंडे)-23.11 हेक्टेयर, चांपी (खेतको)-52.40 हेक्टेयर, पिछरी (02)- 4.72 हेक्टेयर, चलकरी 8.22 हेक्टेयर व 14.67 हेक्टेयर और खेतको-चलकरी में 26.14 हेक्टेयर घाट की बंदोबस्ती हुई है. इसके अलावा सात अन्य घाटों को पंचायत स्तर पर संचालन करने की जिम्मेदारी मिली है. लेकिन, बालू का उठाव दर्जनों घाट से होता है.

कुछ दिन में रिपोर्ट जमा की जायेगी : अध्यक्ष

समिति के अध्यक्ष डीएफओ नीतेश कुमार ने कहा कि हमारी सूचना पर ही कार्रवाई हुई थी. जहां तक 15 दिन के बाद रिपोर्ट देने की बात है, उस दिशा में काम चल रहा है. वित्तीय वर्ष की समाप्ति संबंधित कार्य निपटारा के कारण बिलंब हुआ. कुछ दिन में रिपोर्ट जमा की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >