गोमिया से राकेश वर्मा की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिला स्थित गोमिया में एक ओर जहां घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर छोटे भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. जी हां, चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला निवासी जमुना रविदास के छोटे बेटे सतीश कुमार रविदास (18) का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया.
21 अप्रैल को होनी थी बड़े भाई की शादी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था. घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे. लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली. युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
महुआ चुनने वाली महिलाओं देखा शव
बताया जाता है कि शनिवर की अहले सुबह गांव की महिलाएं जब महुआ चुनने जंगल गईं, तो सबसे पहले उन्हीं लोगों ने शव को पेड़ से लटका देखा. इसके बाद हो हल्ला करना शुरू किया. देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई और घटना की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी थाना पुलिस को दी गई.
जेब से मिला गांजा और कफ सिरप
पुलिस के पहुंचने से पहले मृतक के परिजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी बोतल बरामद हुई है. वहीं, एक स्मार्ट फोन, घटना प्रयुक्त नई रस्सी को भी बरामद किया है.
इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग
जांच में जुटी पुलिस
पिता जमुना रविदास, मां सुमन देवी के द्वारा हत्या जैसी घटना से इनकार के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या नहीं.
इसे भी पढ़ें: चतरा में सड़क हादसा: बारातियों से भरी स्कॉर्पियो पलटी, एक की मौत
