गोमिया से प्रशान्त कुमार सिन्हा रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड राज्य के बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के धुर्वा मोड़ स्थित एक किराए के मकान के पीछे बुधवार को पेंटर मोइनुद्दीन उर्फ गंदौरी (58) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतक पेंटिंग का काम करता था
मृतक हजारीबाग जिले के दारू थानांतर्गत पिपचो गांव का रहने वाला था और वर्षों से गोमिया में रहकर पेंटिंग का काम करता था.
कैसे मिला शव
बताया जाता है कि बुधवार सुबह मकान से कोई हलचल नहीं मिलने पर आसपास के लोग पीछे के रास्ते अंदर गए तो मोइनुद्दीन का शव मकान के पिछवाड़े एक टूटी कुर्सी पर बैठी हुई हालत में मिला. सिर और कान में गंभीर चोट और खून के निशान थे.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी एक लकड़ी बरामद की. थाना प्रभारी ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है. फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो पाएगा.
इसे भी पढ़ें: सारंडा के बीहड़ में खुल गई विकास की पोल, कोल्हान रक्षा संघ की बैठक में लगी समस्याओं की झड़ी
इसे भी पढ़ें: गढ़वा का ‘मॉडल’ बना रंका सीएचसी, जिला अस्पताल जैसी सुविधाओं से लैस
