प्रतिनिधि, बोकारो
बोकारो निवास में वर्षों से कार्यरत मालियों को पहली बार इएल, बोनस व फाइनल भुगतान मिलने पर खुशी का माहौल है. बुधवार को मालियों ने सेक्टर-9 स्थित जय झारखंड मजदूर समाज के कार्यालय पहुंच कर संगठन के महामंत्री बीके चौधरी को फूल माला पहना कर और लड्डू खिलाकर आभार व्यक्त किया. जानकारी के अनुसार, बोकारो निवास में कार्यरत माली लगभग 12 वर्षों से इएल, बोनस व अन्य देय भुगतान से वंचित थे. संगठन ने इस मुद्दे को प्रबंधन के समक्ष लगातार उठाया और समाधान की मांग की. संगठन का दावा है कि सामान्य प्रशासन विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह से कई दौर की वार्ता के बाद सभी मालियों के बैंक खातों में इएल, बोनस व फाइनल भुगतान की राशि भेजी गयी तथा हटाये गये अधिकतर कर्मियों को दोबारा काम पर रखा गया. एक माली को भी जल्द काम पर बहाल किये जाने का आश्वासन मिला है. महामंत्री बीके चौधरी ने इस मामले में सहयोग के लिए महाप्रबंधक एके सिंह का आभार व्यक्त किया.
