आइपीएस से आइएएस अधिकारी बनीं डीपीएस बोकारो की पूर्व छात्रा अपूर्वा वर्मा लंबे अरसे के बाद अपने स्कूल पहुंचीं और पुरानी यादों व अनुभवों को साझा किया. यूपीएससी की सिविल सर्विस परीक्षा 2025 में देश भर में 42वां और जिले में अव्वल रहीं अपूर्वा वर्मा वर्तमान में दिल्ली के चितरंजन पार्क इलाके की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) हैं.
विद्यार्थियों को दिये टिप्स
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी के टिप्स भी दिये. कहा कि स्वयं पर भरोसा रखें और लगातार कड़ी मेहनत के साथ-साथ स्मार्ट रणनीति बना कर तैयारी करें. समय प्रबंधन भी जरूरी है. नन स्कूलिंग के बजाय स्कूली शिक्षा पर ध्यान दें. असफलता से घबराने की बजाय अपनी कमजोरियों को दूर करने, खुद का आकलन करने व धैर्यपूर्वक सकारात्मक भाव के साथ पुनः तैयारी करने की जरूरत है. इससे पहले प्राचार्य डॉ एएस गंगवार ने उनका स्वागत किया.
