Bokaro News: स्टील सिटी बोकारो में पहली बार लगा वैश्विक बाल संसद

Bokaro News: विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके वैश्विक ज्ञान और कूटनीतिक कौशल को निखारने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो की मेजबानी में शनिवार को बोकारो जिले में पहली बार दो-दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ. ''''अग्रणी - आरंभ से अनंत तक'''' नामक डीपीएस के इस प्रथम एमयूएन संस्करण में वैश्विक बाल संसद लगा है.

बोकारो में अपनी तरह का यह पहला मौका है, जब झारखंड के विभिन्न जिलों-बोकारो, रांची, पाकुड़ आदि के अलावा निकटवर्ती पश्चिम बंगाल से भी विभिन्न विद्यालयों के 100 से अधिक प्रतिनिधि (डेलिगेट्स) कूटनीतिक मामलों पर विचार-मंथन को एकत्रित हुए हैं. अलग-अलग पोर्टफोलियो में बच्चे भारत, यूएसए, ईरान, जर्मनी, रूस, यूक्रेन, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, लेबनान, आस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया, फिलिस्तीन, यूएई, दक्षिण अफ्रीका सरीखे देशों के प्रतिनिधि के रूप में अपना पक्ष रखते देखे-सुने गये. कार्यक्रम का उद्घाटन डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ एएस गंगवार, वरीय उप प्राचार्य अंजनी भूषण व उपप्राचार्या शालिनी शर्मा ने एमयूएन कार्यकारिणी परिषद के वरिष्ठ सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से किया. शोध व विश्लेषण प्रभारी मीनाक्षी तनु व विद्यार्थी समन्वयक ध्रुव लोधा ने सम्मेलन की रूपरेखा व इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला.

सकारात्मक बदलाव के लिए युवाओं की वैश्विक जागरुकता जरूरी : डॉ गंगवार

प्राचार्य डॉ गंगवार ने मॉडल यूनाइटेड नेशंस के आयोजन को गौरवपूर्ण बताया. कहा कि यह मंच युवा मस्तिष्कों को विचारशील, जिम्मेदार व वैश्विक स्तर पर जागरूक नागरिक बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है. यह एक आयोजन मात्र नहीं है, यह छात्रों में कूटनीति, तार्किक सोच, सहयोग व सहानुभूति के मूल्यों का परिचायक है. स्कूल का लक्ष्य शिक्षा प्रदान करने के साथ ऐसे सशक्त जिम्मेदार वैश्विक नागरिक तैयार करना है, जो अपनी आवाज और कूटनीति से दुनिया में सकारात्मक बदलाव ला सकें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >